सरगुजा

पहली बारिश में ही 10 करोड़ के गोदाम की खुली पोल, सैकड़ों बोरी चावल भीगे
30-Jun-2023 8:16 PM
पहली बारिश में ही 10 करोड़ के गोदाम की खुली पोल, सैकड़ों बोरी चावल भीगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
बतौली, 30 जून।
सरगुजा जिला के विकासखंड बतौली के बेलकोटा में नवनिर्मित छत्तीसगढ़ सिविल सप्लाई के 10 करोड़ के गोदाम की पहली बारिश में ही पोल खुल गई। यहां रखे सैकड़ों बोरी चावल अब तक भीग कर खराब हो गए।

ज्ञात हो कि 22 जून को खाद्य मंत्री अमरजीत भगत  ने अपने जन्मदिन के दिन 20 लाख मीट्रिक टन के इस गोदाम का उद्घाटन किया। उद्घाटन के पहले से ही इस गोदाम के 6 कम्पार्टमेंट में लाखों मीट्रिक टन खाद्यान रखा गया था। बारिश होते ही इस गोदाम में हुए घटिया निर्माण की कलई खुल गई। सभी 6 गोदाम में बारिश का पानी टपकता है। इससे सैकड़ो बोरा चावल अब तक भीग कर खराब हो गए हैं।

शुक्रवार को जब इस गोदाम में मीडिया पहुंची, तब 200 बोरी भीगे चावल को खोल कर सुखाया गया था और 100 बोरी भीगे चावल के बोरे रखे हुए थे।

चावल और खाद्यान्न रखने वाले स्थान पर बड़े-बड़े दरार हो गए हैं, कई जगह धंस गए हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं रखा गया था। घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया है। इसके बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को प्रबन्धक के द्वारा जानकारी दी गई, परन्तु कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अविनाश टण्डन, प्रबंधक का कहना है कि गोदाम में पानी टपकता है।  इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से दी गई है। कुछ बोरे भीगे हुए हैं, उन्हें सुखाया जा रहा है। जहाँ चावल रखे जाते हैं वह फर्श कई जगह से धंस गई है और बड़े-बड़े दरार आ गए हैं इसे भी बताया गया है, अभी सुधार नहीं हुआ है।

रवि सक्सेना सब इंजीनियर ने कहा कि पानी टपकने की और फर्श में दरार और धंसने की जानकारी मुझे है। ठेकेदार को 3 वर्ष तक मेन्टेनेन्स करना है, कराया जाएगा। चावल खराब होगी, तब विभाग की जिम्मेदारी बनती है।


अन्य पोस्ट