सरगुजा

टीएस सिंहदेव के डिप्टी सीएम बनने पर अंबिकापुर सहित सरगुजा में जश्न
29-Jun-2023 8:31 PM
टीएस सिंहदेव के डिप्टी सीएम बनने पर अंबिकापुर सहित सरगुजा में जश्न

आतिशबाजी, एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर दी बधाइयां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर, 29 जून।
मंत्री टीएस सिंहदेव के डिप्टी सीएम बनने पर अंबिकापुर सहित पुरे सरगुजा में जश्न मना। समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी कर व एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाइयां दी।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को कांग्रेस हाईकमान ने छत्तीसगढ़ का डिप्टी सीएम बनाया है। इसे लेकर अंबिकापुर में जश्न का माहौल है। बुधवार की रात डिप्टी सीएम बनाए जाने की खबर पर कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भीड़ सिंहदेव के पैतृक निवास कोठीघर में जुटनी शुरु हो गई।

उनके समर्थकों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाइयां दीं तथा जमकर आतिशबाजी की। कार्यकर्ताओं ने टीएस बाबा जिंदाबाद व राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। जश्न का दौर गुरुवार को भी चलता रहा। दोपहर को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में एक कार्यक्रम आयोजित कर जश्न मनाया गया।

राजीव भवन में सरगुजा जिला पंचायत उपाध्यक्ष व टीएस सिंहदेव के भतीजे आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सरगुजा संभाग के लोगों व प्यार व आशीर्वाद से संभव हो पाया है। सरगुजा की 14 सीटों पर इस बार कांग्रेस की कमजोर होती पकड़ पर उन्होंने कहा कि हमेशा उन्होंने पार्टी के लिए लगन से काम किया। हमें उम्मीद है कि आज भी उनके मन में पार्टी के लिए स्थान और सम्मान है, पार्टी की विचारधारा के लिए समर्पण है, उसे देखते हुए वे काम करते रहे हैं और करते रहेंगे। यदि फील्ड की बात है तो वहां जाकर लोगों के साथ मिलेंगे तो परिस्थितियां बदलेंगी और सफलता भी मिलेगी।

श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद ने सिंहदेव को डिप्टी सीएम बनाने के लिए कांग्रेस हाईकमान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम बनाए जाने से सिर्फ सरगुजा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लोग खुश हैं। कांग्रेस के सरगुजा जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने भी खुशी का इजहार करते हुए कहा कि टीएस सिंहदेव की मेहनत व काबिलियत का सम्मान मिला है। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लगातार अच्छा काम किया और कर रहे हैं।

सिंहदेव को डिप्टी सीएम बनाने की घोषणा के बाद जिले में जगह-जगह जश्न का माहौल है। बुधवार की रात से शुरु हुआ जश्न का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। दोपहर को कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में सैकड़ों की संख्या में सिंहदेव के समर्थक व कार्यकर्ता जुटे। यहां उन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। इसके बाद घड़ी चौक पर ढोल-नगाड़े की धुन पर थिरकते हुए जमकर आतिशबाजी की। टीएस सिंहदेव के अंबिकापुर में नहीं होने के कारण पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा आदित्येश्वर शरण सिंहदेव को फूलमालाओं से लाद दिया गया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रीतम राम, महापौर डॉ. अजय तिर्की, डॉ. जेपी श्रीवास्तव, द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, आशीष वर्मा, सैयद अख्तर हुसैन, अजय सिंह, शिवेश सिंह बाबू, विकल झा सहित जिला कांग्रेस कमेटी युवा कांग्रेस महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे।


अन्य पोस्ट