सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 जून। मणिपुर थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर स्कूटी चोरी के आरोपी को गिरफ्तार करते हुए स्कूटी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी चोरी लूट जैसे आपराधिक प्रकरणों में शामिल रह चुका है।
पुलिस ने बताया कि गांधीनगर क्षेत्र के गंगापुर निवासी रेशमी चौहान ने थाना मणिपुर आकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जून को 11.30 बजे प्रार्थिया अपने स्कूटी को केंद्रीय जेल के गेट के सामने खड़ी कर जेल में अपने रिश्तेदार से मुलाक़ात के लिए गई हुई थी। वापस आने पर प्रार्थिया की स्कूटी मौक़े पर नहीं थी, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया हैं। उसकी रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय एवं पुलिस टीम द्वारा मामले में आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए घटनास्थल निरीक्षण कर प्रार्थिया एवं गवाहों का कथन लिया गया, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर संदेही पर मुखबिर तैनात किये गए थे। पुलिस टीम के सतत प्रयास से संदेही संदीप यादव (23 वर्ष) बाबूपारा मणिपुर को पकडक़र पूछताछ किया गया। संदेही द्वारा घटना दिनांक को केंद्रीय जेल के गेट के सामने से स्कूटी चोरी कर पकड़े जाने के डर से अपने घर में छिपा कर रखना स्वीकार किया गया।
आरोपी के निशानदेही पर चोरी किया गया स्कूटी पुलिस टीम द्वारा बरामद किया गया है। आरोपी द्वारा स्कूटी चोरी करना स्वीकार किये जाने पर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। आरोपी पूर्व में भी चोरी एवं लूट जैसी आपराधिक घटनाओं में शामिल रह चुका हैं।