सरगुजा

सैनिक स्कूल के छात्र की संदिग्ध मौत
28-Jun-2023 8:15 PM
सैनिक स्कूल के छात्र की संदिग्ध मौत

7 दिन पहले कक्षा 6वीं में हुआ था दाखिला, बिलासपुर का रहने वाला है मृतक 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 जून।
बुधवार को सैनिक स्कूल के एक छात्र की संदिग्ध मौत की खबर सामने आई है। तबीयत खराब होने पर उसे आज मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सैनिक स्कूल में किसी छात्र की मौत का यह पहला मामला है। छात्र की मौत होने की खबर पर जब पत्रकार मौके पर कवरेज करने पहुंचे तो सैनिक स्कूल प्रबंधन ने उन्हें भी रोक दिया। मौके पर एक मीडिया कर्मी के द्वारा खबर की वीडियो बनाने पर सैनिक स्कूल प्रबंधन ने उक्त मीडिया कर्मी का कैमरा लेकर उससे वीडियो भी डिलीट करवा दिए। काफी देर तक बात को लेकर अस्पताल में हो-हल्ला मचा रहा। मामले में पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।

पुलिस ने बताया कि बिलासपुर जरहाभाठा निवासी ऋषभ धारिया पिता बलदेव (12 वर्ष) कक्षा छठवीं में एडमिशन लिया था। सात दिन पहले ही उसका एडमिशन सैनिक स्कूल में हुआ था।
 
बताया जा रहा है कि आज सुबह लगभग 10 बजे उसे तबीयत खराब होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत किन कारणों से हुई और किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है।

छात्र के मौत की खबर पर कई मीडिया कर्मी भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे थे और खबर के दृष्टिकोण से वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया, परंतु इस बीच सैनिक स्कूल प्रबंधन के द्वारा एक मीडिया कर्मी का कैमरा छीन कर वीडियो को डिलीट करवा दिया गया। 

सैनिक स्कूल प्रबंधन का कहना था कि मीडिया कर्मी के द्वारा वीडियो बनाने से पहले कोई परमिशन नहीं ली गई थी। काफी देर तक मीडिया कर्मियों और सैनिक स्कूल प्रबंधन के बीच इस बात को लेकर चर्चा होती रही। आखिरकार मणिपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच हस्तक्षेप करते हुए मामला शांत करवाया। फिलहाल छात्र के शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया है। छात्र के परिजनों को बिलासपुर में सूचना दी गई है।

दंडाधिकारी के सामने पंचनामा, हुई वीडियोग्राफी
छात्र की मौत के मामले में नायब तहसीलदार संजीव पांडे की उपस्थिति में पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की। छात्र का पोस्टमार्टम व अन्य कार्रवाई की पूरी वीडियोग्राफी भी की गई। 

पुलिस के अनुसार यह बात सामने आई है कि छात्र को दो-तीन दिन से बुखार था और आज वह चक्कर खाकर गिर पड़ा। सैनिक स्कूल प्रबंधन जब उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी।

छात्र की मौत को लेकर सैनिक स्कूल प्रबंधन ने रखा पक्ष
सैनिक स्कूल के कैडेट का निधन को लेकर सैनिक स्कूल प्रबंधन ने आखिरकार अपना पक्ष रखा। सैनिक स्कूल के पीआरओ सौरभ जैन ने बताया कि सैनिक स्कूल के एक कैडेट का निधन हो गया है। सैनिक स्कूल अम्बिकापुर के कैडेट ऋ षभ धारिया पुत्र बलदेव धारिया निवासी बिलासपुर का आज पूर्वान्ह निधन हो गया।
 
कैडेट ऋ षभ द्वारा सुबह नाश्ते के बाद अस्वस्थ होने की सूचना प्राप्त होने पर सैनिक स्कूल प्रशासन द्वारा तत्काल एबुलेंस द्वारा कैडेट को चिकित्सा सहायक के साथ इलाज के लिए शासकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। रास्ते में उक्त कैडेट की तबीयत बिगडऩे लगी और अस्पताल पहुंचते ही वह अचेत हो गया। कुछ समय पश्चात अस्पताल के डॉक्टरों ने कैडेट को मृत घोषित कर दिया। 

खबर मिलते ही विद्यालय के प्राचार्य, उप प्राचार्य एवं प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे तथा कैडेट के अभिभावकों को अवगत कराया गया। इस दुखद सूचना से पूरा सैनिक स्कूल परिवार शोक संतप्त है।


अन्य पोस्ट