सरगुजा
थाने में डॉक्टर- पिता के खिलाफ शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 जून। राजनांदगांव जिला के डोंगरगढ़ के रहने वाले गुरुशरण सिंह कक्कड़ ने अंबिकापुर नगर के तकिया रोड के पास रहने वाले एक डॉक्टर व उसके पिता पर फर्जी व कूटरचित वसीयतनामा के आधार पर उनके दादा की जमीन अपने नाम पर दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए डॉक्टर व उसके पिता पर एफआईआर दर्ज करने कोतवाली थाना में लिखित आवेदन के साथ जमीन के प्रमाणित दस्तावेज पेश किया है।
डोंगरगढ़ विनोवा भावे वार्ड नंबर 13 निवासी गुरुशरण सिंह कक्कड़ का आरोप है कि उसके दादा स्व. प्रीतम सिंह की फर्जी वसीयत सादे पन्ने पर बनाकर और फर्जी मृत्यु की जानकारी देकर 9 अगस्त 2007 को बिना सभी उत्तराधिकारियों को सूचित किए यह लिखवा कर कि स्व. प्रीतम सिंह के कोई उत्तराधिकारी नहीं है वह नि:संतान थे तथा उनकी मृत्यु 20 फरवरी 1987 को हो गई है का बयान देकर एक फर्जी सादे पन्ने की वसीयत के आधार पर तत्कालीन तहसीलदार से मिलीभगत कर आदेश पारित करवा अंबिकापुर नगर के भट्ठी रोड की 7 डिसमिल जमीन राजस्व पत्रों में अपने नाम से दर्ज करवा लिया।
उक्त वसीयत में गवाह के रूप में जिस व्यक्ति का नाम था, जब उनसे संपर्क किया गया तो वह बताया कि मैं किसी भी वसीयत में न तो हस्ताक्षर किया हूं और न ही न्यायालय में खड़ा हुआ हूं, इसके लिए उसने बकायदा शपथ पत्र भी दिया है।
आरोप है कि इस फर्जीवाड़ा में डॉक्टर व उसके पिता दोनों ने मिलकर फर्जी वसीयत तैयार कर गलत जानकारी देकर राजस्व पत्रों में पहले उसके पिता ने नाम दर्ज करवा लिया था तथा कुछ वर्षों के बाद वह जमीन डॉक्टर पुत्र को पारिवारिक व्यवस्था के माध्यम से हस्तनांतरित कर दिया है।
गुरुशरण सिंह कक्कड़ ने आरोप लगाया कि फर्जी वसीयत में तत्कालीन राजस्व अधिकारी की भूमिका इसमें संदेहास्पद है, क्योंकि प्रकरण में उनके द्वारा न तो उत्तराधिकारियों के संबंध में कोई जांच की गई है और न ही कोई मृत्यु प्रमाण पत्र लिया गया है और न ही किसी का कथन अंकित कराए गए हैं और न ही हल्का पटवारी से किसी प्रकार का प्रतिवेदन आहुत किया गया है।
यही नहीं प्रीतम सिंह की मृत्यु डॉक्टर पुत्र व उसके पिता द्वारा 20 फरवरी 1987 को बताई गई है, जबकि प्रीतम सिंह की वास्तविक मृत्यु डोंगरगढ़ में 26 मई 1988 को हुई थी, जिसका मृत्यु प्रमाण पत्र गुरुशरण सिंह ने थाने में दिया है।
गुरुशरण सिंह कक्कड़ उक्त दोनों पिता-पुत्र पर फर्जी दस्तावेज के सहारे राजस्व पत्र में उसके दादा की भूमि अपने नाम दर्ज करवाने को लेकर पुलिस से लिखित शिकायत कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।