सरगुजा

खैरबार पुलिया के नीचे संदिग्ध हालत में मिली युवक की लाश
11-Jun-2023 8:29 PM
खैरबार पुलिया के नीचे संदिग्ध हालत में मिली युवक की लाश

 कई जगह चोट के निशान, हत्या की आशंका, जांच शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर,11 जून।
नगर से लगे खैरबार पुलिया के नीचे रविवार को संदिग्ध हालत में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या का संदेह जताया है। मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची थी। युवक वहां कैसे पहुंचा और किन हालातों में उसकी मौत हुई, इसकी जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार रनपुर निवासी पवन रवि नामक एक व्यक्ति का शव शहर से लगे खैरबार पुलिया के नीचे संदिग्ध अवस्था में मिला है। युवक का शव मिलने की खबर तेजी से क्षेत्र में फैल गई।

 सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजन भी मौके पर पहुंचे। संदिग्ध हालत में मिले मृतक युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। 
मौके पर पहुंचे फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने घटनास्थल का जायजा लिया। उप युवक पुल के नीचे कैसे पहुंचा और उसकी मौत की वजह क्या है या फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि प्रथम दृष्टया पुलिस हत्या का संदेह जता रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


अन्य पोस्ट