सरगुजा
सीतापुर,18 मई। कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर के सभाकक्ष में जनपद उपाध्यक्ष एवं शिक्षा स्थाई समिति के अध्यक्ष शैलेश सिंहदेव एवं विकास खंड शिक्षा अधिकारी सीतापुर मिथिलेश सिंह सेंगर की उपस्थिति में सीतापुर विकासखंड के सभी संकुल समन्वयकों एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष/सचिव की बैठक आयोजित की गई।
जनपद उपाध्यक्ष शैलेश ने कहा कि शाला प्रबंधन समिति द्वारा जो स्कूल मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है वह गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा में पूर्ण हो, इसका आप सभी विशेष ध्यान रखें। स्कूलों के मरम्मत के लिए जो राशि शासन द्वारा जारी की गई हैं उससे स्कूल भवन का मरम्मत का कार्य शासन की मंशा अनुसार 16 जून तक पूर्ण हो जाना चाहिए। उन्होंने स्कूल मरम्मत कार्य की सतत निगरानी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य कराए जाने हेतु सभी को आगाह किया एवं कहा स्कूल मरम्मत के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनपद उपाध्यक्ष शैलेश सिहदेव ने स्कूलों में जल जीवन मिशन के तहत हुए अपूर्ण कार्यों एवम् स्कूलों में अन्य कमियों और समस्याओं को लिखित में देने का निर्देश दिया।
बैठक को विकासखंड शिक्षा अधिकारी मिथिलेश सिंह सेंगर ने संबोधित करते हुए कहा इतने बड़े पैमाने पर पहली बार स्कूल मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत हुई है अत: सभी संस्था प्रमुख एवं संकुल समन्वयक विशेष ध्यान देकर स्कूलों की मरम्मत के कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करावें। कार्यक्रम का संचालन संकुल समन्वयक केश्वर यादव ने किया।