सरगुजा

दुपहिया वाहन चोरी, आरोपी गिरफ्तार, 12 मोटरसाइकिल बरामद
14-May-2023 7:17 PM
दुपहिया वाहन चोरी, आरोपी गिरफ्तार, 12 मोटरसाइकिल बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,14 मई।
दुपहिया वाहन चोरी के एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ा। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने शहर से चोरी की गई 12 दुपहिया बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में दुपहिया चोरी एवं रेप के मामलो में जेल जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक़ प्रार्थी सुरेन्द्र कुजूर अम्बिकापुर ने पुलिस चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि  27 फरवरी 2023 को प्रार्थी अपने भाई को देखने मिशन हॉस्पिटल गया हुआ था। वह अपने पल्सर दुपहिया वाहन को हॉस्पिटल के बाहर खड़ा किया था, वापस आने के बाद प्रार्थी का मोटरसाइकिल अपने खड़े स्थान पर नहीं था जो किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया था। 

घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फूटेज का अवलोकन किया गया। घटना में शामिल आरोपी के सम्बन्ध में विशेष टीम द्वारा मुखबिरों को सतर्क किया गया था एवं विशेष टीम के सदस्य घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धो पर पैनी नजर रखे हुए थे।

विशेष टीम को मिशन अस्पताल के पास एक संदिग्ध युवक उक्त हुलिया में घूमता हुआ मिला जो पूर्व के दुपहिया वाहन चोरी के मामले में शामिल रहा था। विशेष टीम द्वारा संदेही की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ किया गया जो अपना नाम रविदास जरहाडीह थाना बतौली का होना बताया। आरोपी से घटना के सम्बन्ध में कड़ाई से पूछताछ करने पर शहर एवं आस पास के छेत्र जिला न्यायालय, मिशन हॉस्पिटल, जिला अस्पताल, बस स्टैंड, कंपनी बाजार से 12 दुपहिया वाहन चोरी कर अपने कब्जे मे रखना स्वीकार किया गया।

आरोपी के निशानदेही पर आरोपी के घर से 7 दुपहिया वाहन बरामद किया गया एवं 5  वाहन अपने घर के आस पास छुपाकर रखा हुआ बरामद कराया गया। चोरी हुए 12 दोपहिया वाहनों मे से 9 प्रकरण थाना कोतवाली मे पंजीबद्ध हैं एवं थाना मणिपुर में 1 प्रकरण पंजीबद्ध हैं। अन्य 2 वाहनो के सम्बन्ध में  मालिक की पतासाजी की जा रही है। आरोपी द्वारा दुपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किये जाने पर आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।


अन्य पोस्ट