सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,13 मई। गांधीनगर पुलिस ने चोरी के दो मामलों में 24 घंटे के अंदर एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1000 रूपए नगद एवं चोरी किया हुआ 2 गैस सिलेंडर बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी सूरज कुमार चौधरी निवासी सुभाषनगर ने थाना आकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 मई की रात में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके किराये रूम का ताला तोडक़र नगद 21000 रुपये एवं एक गैस सिलेंडर चोरी कर लिया है। एक अन्य मामले में प्रार्थी पुरषोत्तम नेताम निवासी सुभाषनगर द्वारा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रार्थी के किराये रूम का ताला तोडक़र एक गैस सिलेंडर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रार्थियों की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन पश्चात संदिग्धों की धरपकड़ की। मामले में आरोपी मोहित भारद्वाज गांधीनगर एवं एक नाबालिग को पकडक़र पूछताछ की गई। आरोपी एवं नाबालिग द्वारा मिलकर दोनों किराये के रूम का ताला तोडक़र नगद 21000 रुपये एवं 2 नग गैस सिलेंडर चोरी करना स्वीकार किया गया।
आरोपी मोहित भारद्वाज से नगद 1000 रुपये जब्त किया गया। आरोपियों द्वारा घटना कारित किया जाना स्वीकार किये जाने पर अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया एवं नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।