सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,12 मई। थाना मणिपुर अंतर्गत 6 माह पहले साडबार में पत्नी की हत्या कर शव दफन करने वाला फरार आरोपी पति को पुलिस ने कोरबा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक थाना मणिपुर मेंं 5 नवंबर 2022 को प्रार्थी ने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि प्रार्थी अपने दादा-दादी के साथ मनेन्द्रगढ़ में रहता है। प्रार्थी को सूचना मिली कि इसके पिता संतोष टोप्पो के द्वारा प्रार्थी की माँ मृतिका सूरजमनी टोप्पो को मारपीट कर कम्बल से ढंक कर रखा है। सूचना पर अपने घर साडबार आकर अपने पिता से अपनी माँ के बारे में पूछताछ किया गया जो प्रार्थी के पिता द्वारा माँ के मनेन्द्रगढ़ चले जाने की बात बोलकर भगा दिया गया। प्रार्थी के परीक्षा होने पर वापस मनेन्द्रगढ़ आ गया बाद में वापस घर साडबार आकर अपनी माँ का खोजबीन किया गया जो पता नहीं चला, प्रार्थी का पिता भी मौक़े से फरार हो गया था।
खोजबीन के दौरान घर के पीछे में कुत्तों की आवाज सुनकर आँगन में आकर देखा तो प्रार्थी की माँ का पैर जमीन से बाहर निकला दिखाई दिया। प्रार्थी के पिता संतोष टोप्पो द्वारा इसकी माँ सूरजमनी की हत्या कर शव को दफऩ करने की आशंका पर तत्काल पुलिस ने हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।
मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस टीम द्वारा प्रकरण के आरोपी की सरगर्मी से पता तलाश की जा रही थी।
आरोपी संतोष टोप्पो निवासी साडबार पुलिस टीम से लुक छिपकर बार बार अपना स्थान बदल रहा था, पुलिस टीम द्वारा आरोपी पर मुखबिर तैनात किये गए थे। आरोपी संतोष टोप्पो को मोरगा जिला कोरबा से मुखबीर सुचना पर गिरफ्तार किया गया एवं आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा अपनी पत्नी मृतिका सूरजमनी से विवाद होने पर मारपीट कर हत्या कारित कर शव को आँगन में दफन कर देना स्वीकार किया गया।
आरोपी द्वारा घटना कारित किया जाना स्वीकार किये जाने पर आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाता है। आरोपी की निशानदेही पर गड्ढा करने में प्रयुक्त फावड़ा बरामद किया गया।