सरगुजा

जांच पूरी होने पर हो जाएगा दूध का दूध और पानी का पानी-अमरजीत
11-May-2023 8:16 PM
जांच पूरी होने पर हो जाएगा दूध का दूध और पानी का पानी-अमरजीत

सरकारी जमीन हेराफेरी मामले में खाद्य मंत्री ने भाजपा पर किया कटाक्ष 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,11 मई।
बतौली में शासकीय जमीन में हुई हेराफेरी के मामले में बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने है।

भाजपा ने खाद्य मंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि खाद्य मंत्री के कर्मचारी के नाम पर शासकीय जमीन का पट्टा बनवा कर अपने नाम कर लिया, साथ ही उस 46 एकड़ जमीन के आधार पर लाखों रुपए धान की बिक्री भी की गई। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने कहा- जिस तरह से ग्रामीणों के द्वारा शिकायत की गई तो जांच के नाम पर 102 ग्रामीणों को तहसील बतौली में बुलाकर बेवजह परेशान किया जा रहा है. जिसकी जाँच करनी चाहिए, उनका किया नहीं जा रहा है।

अगर जिला प्रशासन के द्वारा शासकीय जमीन का पट्टा बनवाने वाले लोगों सहित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर 7 दिनों में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय जनता पार्टी आंदोलन का रुख अख्तियार करेगी।

खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने इस आरोप को ख़ारिज करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि - ये जो आरोप है, वो निराधार हैं, ऐसे जमीन के पट्टों से मेरा कोई संबंध नहीं है, जो जांच की मांग भाजपा के लोग कर रहे हैं, वो जांच के आदेश तो मैंने जिला प्रशासन को पहले ही दे दिए हैं। जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा, हमने ग्रामीणों को नहीं बुलाया था, वो खुद आये थे।

उन्होंने बताया कि भाजपा हम पर दवाब बना रही हैं शिकायत करने के लिए, मैंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि सालों से जो जमीन पर काबिज है, उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, उन्हें जांच से दूर रखा जाएगा। पर जो वास्तव में आरोपी हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट