सरगुजा

एसडीओपी और थाना प्रभारी के खिलाफ महिला ने एसपी से की शिकायत
10-May-2023 10:55 PM
एसडीओपी और थाना प्रभारी के खिलाफ महिला ने एसपी से की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर,10 मई।
थाना-लुन्ड्रा के रघुनाथपुर की एक निजी संस्थान की शिक्षिका ने एसडीओपी सीतापुर एवं मैनपाट थाना प्रभारी पर अवैधानिक रूप से गिरफ्तार कर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। उसने इसकी लिखित शिकायत सरगुजा एसपी से की है।

महिला ने सरगुजा एसपी को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाते हुए बताया है कि बिना वारण्ट के जबरन रात 10 बजे घुसकर उसके व परिजनों के साथ अश्लील एव अभद्र व्यवहार करते हुए आवेदिका को अवैधानिक रूप से गिरफ्तार कर सखी वन स्टॉफ सेन्टर में बंदी बनाकर रखा गया।

शिक्षिका महिला ने बताया कि उसके पति के बहकावे में आकर नर्मदापुर का नईहर साय एवं सुनीता मांझी द्वारा उसके  विरुद्ध थाना कमलेश्वरपुर में बिना समुचित जांच किये अपहरण का अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। 

दोनों अनावेदक द्वारा आवेदिका के राजपुर जिला बलरामपुर स्थित घर में बिना वारण्ट और वर्दी के जबरन घुसे। यह कहा गया कि अगर तुम हमे अपने घर में नहीं घुसने दोगी तो मैं डीएसपी हूँ,तुम्हारे घर पर बुल्डोजर चलवा दूंगा,कहते हुए अश्लील गाली-गलौज करते हुए जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। 

आवेदिका ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश भी की। आवेदिका विरोध करती रही और अनावेदक अश्लील हरकतें करता रहा।

रात 12.06 मिनट पर अनावेदकगण आवेदिका को दर्रीपारा अम्बिकापुर स्थित सखी वन स्टॉप सेन्टर में बकायदा रजिस्टर में एंट्री करते हुए आवेदिका को सखी वन स्टॉप सेन्टर दर्रीपारा में रखवा दिया गया। अगली सुबह सखी वन स्टॉप सेन्टर की प्रशासक द्वारा पुलिस को आवेदिका को जमानतीय अपराध में रात को गिरफ्तार कर सखी वन स्टॉप सेन्टर लाने का कारण पूछा गया तो पुलिस वाले कुछ सही जवाब नहीं दे सके, और कहने लगे कि अभी थोड़ी देर में आवेदिका को छोड़ देंगे कहते हुए दिन भर सखी वन स्टॉप सेन्टर में रखकर प्रताडि़त किया गया तथा अंधेरा होने के पश्चात् आवेदिका को छोड़ा गया।


अन्य पोस्ट