सरगुजा

कांग्रेस नेता के बेटे की शादी में 2 लाख से भरे बैग की उठाईगिरी
08-May-2023 9:46 PM
कांग्रेस नेता के बेटे की शादी में 2 लाख से भरे बैग की उठाईगिरी

वीआईपी के आने को लेकर पुलिस से मांगी थी सुरक्षा व्यवस्था, नहीं मिली

सीसीटीवी कैमरे में आरोपी कैद, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 8 मई। सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल के बेटे की शादी में 2 लाख रूपए से भरे बैग की उठाईगिरी हो गई। सीसीटीवी फुटेज में 2 आरोपी बैग को चोरी कर भागते दिख रहे हैं। वहीं शादी समारोह में वीआईपी लोगों के आने को लेकर महामंत्री राजीव अग्रवाल ने पुलिस सुरक्षा मांगी थी, पर उन्हें नहीं मिली।

जानकारी के मुताबिक केदारपुर निवासी राजीव अग्रवाल के पुत्र रामकृष्ण गोयल की शादी 5 मई को पर्पल आर्चिड होटल में थी। सभी परिवार के लोग एकत्रित होकर होटल के हाल में शादी समारोह में शामिल थे। हाल की कुर्सी पर काला रंग का बैग जिसमें लगभग 2 लाख  रूपये जो गिफ्ट लिफाफा के रूप में मिला था वह रखा था, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति के द्वारा चोरी कर ले गया।

राजीव ने दर्ज हुए रिपोर्ट में बताया है कि शादी समारोह के दिन में लगभग 2 बजे बैग को हाल के कुर्सी पर रखे थे,उसी समय अज्ञात व्यक्ति बैग को उठाकर फरार हो गया। आस पास पतासाजी किये पता नहीं चला। होटल के सीसीटीवी फुटेज देखे तो 2 संदिग्ध लडक़े दिखे, जो बैग को चोरी कर भागते दिखे है। राजीव ने संदेह जताया है कि होटल में आये संदिग्ध व्यक्तियों के द्वारा चोरी की गई है। शादी कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण घटना की रिपोर्ट वह 7 मई को करवाए हैं।

गौरतलब है कि उक्त शादी समारोह में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त श्रम कल्याण मंडल बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद, अजय अग्रवाल, बाल कृष्ण पाठक सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक पहुंचे थे। राजीव ने सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस को लिखित रूप से सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की मांग की थी पर उन्हें पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था प्रदान नहीं किया गया। जिसके कारण उठाईगिरी  हो गई।


अन्य पोस्ट