सरगुजा

शादी समारोह में जा रहे युवक-युवती के कार में तोडफ़ोड़, मारपीट का वीडियो आया सामने
08-May-2023 9:38 PM
शादी समारोह में जा रहे युवक-युवती के कार में तोडफ़ोड़, मारपीट का वीडियो आया सामने

जान बचाकर भागे युवक, पुलिस कर रही मामले में जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,8 मई। रविवार की रात अंबिकापुर से कार में सवार होकर एक शादी समारोह में लखनपुर जा रहे तीन युवती व दो युवक के साथ मारपीट व कार में तोडफ़ोड़ की घटना सामने आई है। उक्त घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्टी कला की बताई जा रही है। कार में तोडफ़ोड़ करते हुए वीडियो भी सामने आया है।

बताया जा रहा है कि कार में सवार लोगों के द्वारा गांव के एक युवक को ठोकर मार दी गई थी, जिससे वहां के लोग आक्रोशित हो गए थे। गुस्साए लोगों ने कार में सवार युवतियों के साथ भी मारपीट की। घटना के समय किसी तरह कार में सवार युवकों ने अपनी जान बचाई। देर रात दोनों ही पक्ष के लोग मणिपुर थाना पहुंचे थे। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार बीती रात मूलत: करजी क्षेत्र की तीन युवती और दो युवक कार से लखनपुर की ओर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि युवक-युवती अंबिकापुर में रहकर पढ़ाई करते हैं। मार्ग में भिट्टी कला के पास एक शादी कार्यक्रम में कुछ लोगों द्वारा मोटरसाइकिल रोड में खड़ी कर दी गई थी। कार में सवार युवकों के अनुसार उनके द्वारा मोटरसाइकिल हटाने की बात कही गई, जिसके बाद वहां के लोग भडक़ गए और कार में तोडफ़ोड़ के साथ साथ मारपीट भी शुरू कर दी।

 वहीं दूसरे पक्ष के अनुसार कार में सवार लोगों के द्वारा गांव के एक व्यक्ति को ठोकर मार दिया गया, जिससे वह घायल हो गया जिसका उपचार अस्पताल में जारी है। घटना के बाद देर रात दोनों ही पक्ष मणीपुर थाना पहुंचे थे।


अन्य पोस्ट