सरगुजा
सरगुजा रेंज के जिला सूरजपुर पुलिस द्वारा कार्रवाई
अंबिकापुर, 2 मई। थाना प्रतापपुर पुलिस ने सोमवार को आईपीएल क्रिकेट मैच पर मोबाईल- लेपटाप में महादेव ऐप के जरिये ऑनलाईन जुआ-सट्टा खेला रहे 5 आरोपियों को पकड़ा है। जिनके विरूद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया है। बीते एक मई को थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिला कि ग्राम खोरमा सरनापारा स्थित किराये के क्वार्टर में आईपीएल क्रिकेट मैच पर मोबाईल एवं लेपटाप में महादेव ऐप के जरिये ऑनलाईन पैसा का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ सट्टा-पट्टी खेला जा रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग (भापुसे) के सतत् मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक सूरजपुर रामकृष्ण साहू (भापुसे) ने इसे गंभीरता से लेते फौरन पुलिस टीम गठित कर सतर्कता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस की टीम ने मुखबीर से प्राप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी अनिल यादव (25), बिलास सिंघारे (26) दोनों केलाबाड़ी थाना पदम्भनामपुर जिला दुर्ग, मोहम्मद उमर अली (28), मोहम्मद अमन (25) दोनों जेलपारा थाना सूरजपुर एवं विजय चंद्राकर (41)आमालोरी थाना पाटन जिला दुर्ग को पकड़ा। उनके कब्जे से 25 नग एंड्राईड मोबाईल, 3 नग लेपटाप, चार्जर, इन्वार्टर बैट्री, पेन मार्कर, 2 नग मोटर साइकिल कुल कीमत 5 लाख 3 हजार रुपए को जब्त कर आरोपियों के विरूद्व छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर लक्ष्मण सिंह धुर्वे, निरीक्षक नीलाम्बर मिश्रा, एसआई राजेश तिवारी, नवल किशोर दुबे, एएसआई मंत्रीराम मिंज, प्रधान आरक्षक राजेश यादव, रामाधीन श्यामले, महेन्द्र पटेल, घुनेश्वर केरकेट्टा, आरक्षक प्रवीण सिंह, मनोज राय, अवधेश कुशवाहा, रौशन सिंह, अनिल एक्का, इन्द्रजीत सिंह, अरविन्द पाण्डेय, निरंजन एक्का सक्रिय रहे।