सरगुजा

12 हजार सहायक शिक्षकों व 16 हजार शिक्षकों को मिलेगी पदोन्नति
10-Mar-2023 9:21 PM
12 हजार सहायक शिक्षकों व 16 हजार शिक्षकों को मिलेगी पदोन्नति

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,10 मार्च।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष मनोज वर्मा ने शिक्षक पद पर पदोन्नति हेतु जनवरी 2023 की स्थिति में नई वरिष्ठता सूची बनाने की मांग की है।

 उन्होंने कहा कि पूर्व में अप्रैल 2022 की स्थिति में सहायक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी की गई है, जिसमे सैकड़ों शिक्षकों की पदोन्नति हो चुकी है, ऐसे में पूरे प्रदेश में व्याख्याता, शिक्षक, प्रधान पाठक मिडिल, प्रायमरी की पद गणना जनवरी 2023 की स्थिति में किया जाकर नवीन वरिष्ठता सूची का प्रकाशन कर शीघ्र पदोन्नति किया जाए।

टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा व प्रदेश उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने मांग की कि डीपीआई को भी चाहिए कि विभिन्न विषय के व्याख्याता पद पर पदोन्नति हेतु रिक्त पद जारी किया जाए तथा पहले व्याख्याता के पद पर पदोन्नति हो, जिससे सहायक शिक्षकों को शिक्षक के ज्यादा पद पर पदोन्नति दिया जा सके।

संजय शर्मा  ने कहा है कि सहायक शिक्षक की वरिष्ठता सूची से हजारो सहायक शिक्षको की पदोन्नति प्रधान पाठक पद पर हो चुकी है, आगे शिक्षक पद पर पदोन्नति हेतु 1 जनवरी 2023 से सहायक शिक्षको की नई वरिष्ठता सूची बनाकर पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण किया जावे।छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन द्वारा पदोन्नति के संबंध में शासन व डीपीआई को कई सुझाव भी दिया गया है, चूंकि उच्च न्यायालय से सभी याचिका को निराकृत किया गया है अत: एसोसिएशन के सुझाव व मांग पर उचित निर्देश जारी कर सम्पूर्ण पदों पर एकरूपता से शीघ्र पदोन्नति किया जावे।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष मनोज वर्मा सहित जिला पदाधिकारी अमित सिंह, अरविंद सिंह, काजेश घोष, प्रदीप राय, रामबिहारी गुप्ता, राजेश गुप्ता , अनिल तिग्गा, रोहिताश शर्मा, सुरित राजवाड़े, संजय चौबे, राकेश दुबे, लव गुप्ता, अरविंद राठौड़, प्रशांत चतुर्वेदी, विक्रम श्रीवास्तव, कंचनलता श्रीवास्तव, अमित सोनी, लखन राजवाड़े, राकेश पांडेय, रणबीर सिंह चौहान, जवाहर खलखो, सुशील मिश्रा, रमेश यागिक ने सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय से व्याख्याता पद पर जल्द पहले पदोन्नति करने की मांग की है। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के थीम पर छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा (शैक्षिक एवं प्रशासनिक संवर्ग) भर्ती तथा पदोन्नति नियम 2019 में एलबी संवर्ग के लिए पदोन्नति में (5 वर्ष को शिथिल करते हुए 3 वर्ष) वन टाइम रिलेक्सेशन देने का संशोधित राजपत्र 31 दिसंबर 2021 को जारी किया गया है।
 जिसे माननीय उच्च न्यायालय ने वन टाइम रिलेक्सेशन के निर्णय को सही ठहराया है।पदोन्नति हेतु पहले व्याख्याता, प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला, उच्च वर्ग शिक्षक, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला के पद पर क्रमश: पदोन्नति किये जाने से रिक्त पद की संख्या बढ़ेगी, जिससे अधिक से अधिक एल बी संवर्ग के शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ प्राप्त हो पाएगा।

वर्तमान में प्राथमिक शाला प्रधान पाठक के 22 हजार पद में 18 हजार पदों पर पदोन्नति हो चुकी है। प्राथमिक शाला प्रधान पाठक के प्रतीक्षा सूची सहित 4 हजार पद, मिडिल स्कूल प्रधान पाठक के 6 हजार, व्याख्याता के 10 हजार, शिक्षक के 8 हजार पद सहित कुल 28 हजार पद पदोन्नति हेतु रिक्त है, अत: शिक्षा विभाग द्वारा एसोसिएशन के पत्र अनुसार अद्यतन वरिष्ठता सूची प्रकाशित कर तय समय सीमा में पदोन्नति आदेश जारी किया जावे।


अन्य पोस्ट