सरगुजा

एनर्जी कॉरिडोर एवं पिछड़ी जनजाति के विकास के लिए केंद्र ने बजट में बड़ी राशि का किया प्रावधान-अनुराग
08-Feb-2023 7:49 PM
एनर्जी कॉरिडोर एवं पिछड़ी जनजाति के विकास के लिए केंद्र  ने बजट में बड़ी राशि का किया प्रावधान-अनुराग

   अंबिकापुर-बैकुंठपुर के स्टेशन बनेंगे वर्ल्ड क्लास    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,  8 फरवरी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने बुधवार को अंबिकापुर नगर के भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट का देश एवं प्रदेशभर में काफी चर्चा है। इस बजट को सप्तऋ षि का नाम दिया गया है। इस बजट में समावेशी विकास, अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना मुख्य उद्देश्य है। केंद्र सरकार द्वारा इस बार के बजट में सरगुजा के लिए एनर्जी कॉरिडोर में 50 हजार करोड़ एवं विशेष पिछड़ी जाति के उत्थान के लिए 15 हजार करोड़ की बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है।

अनुराग ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बहुत बड़ी राशि दी गई है। नई योजना बनाकर इस पर काम किया जाएगा और विशेष पिछड़ी जनजाति को लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने इसके लिए आदिम जाति मंत्रालय व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

अनुराग सिंह देव ने आगे कहा कि रेलवे मे छत्तीसगढ़ के लिए 6 हजार 8 करोड़ रुपए  मिला है, जो पहले की तुलना में 9 गुना अधिक है, इसमें नई सर्वे, रेल लाइन व अन्य  विस्तार शामिल है। इसके अलावा सरगुजा में  अम्बिकापुर एयरपोर्ट के लिए 90 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

श्री सिंह देव ने कहा कि मध्यम वर्ग के लोग केंद्रीय आम बजट से काफी संतुष्ट हैं। मोदी सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल के अंतराल में प्रति व्यक्ति आय दुगनी हुई है। विपक्षी वित्तीय स्थिति को लेकर आरोप लगाते हैं, पर भारत की जो इकोनॉमिक दसवें पायदान पर थी, बढक़र अब विश्व के पांचवें नंबर पर आ गया है।

उज्जवला गैस योजना में 9.6 करोड़ लोग लाभान्वित हो रहे है। 220 करोड़ को मुफ्त वैक्सीनेशन करने का भी कीर्तिमान भारत ने बनाया है। जनधन खाता जब खोला जा रहा था इसका विपक्षी पूछते थे क्या करेंगे, अब जितने पैसे आ रहे हैं सीधे गरीबों के खाते में आ रहे हैं। गोवर्धन योजना में भी केंद्र सरकार 10 हजार करोड़ का प्रावधान किया है, इसमें भी केंद्र सरकार बड़ा प्रयोग करने जा रही है।740 एकलव्य विद्यालय में 38 हजार 800 कर्मचारियों की भर्ती केंद्र सरकार करेगी।ई न्यायालय परियोजना के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है इससे न्याय प्रक्रिया को तेज करने में मदद मिलेगी।

वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने में अंबिकापुर-बैकुंठपुर भी शामिल
वार्ता के दौरान अनुराग सिंह देव ने कहा कि रेलवे में वर्ल्डक्लास स्टेशन बनाने छत्तीसगढ़ के 48 रेलवे स्टेशन को चयनित किया गया है, जिसमें से अंबिकापुर एवं बैकुंठपुर रेलवे स्टेशन भी शामिल है। प्रत्येक रेलवे स्टेशन के लिए 15-15 करोड़ की राशि का प्रावधान बजट में  किया गया है।पत्रकारों द्वारा अनुराग सिंह देव से सरगुजा में रेलवे विस्तार के लिए बजट में क्या प्रावधान किया गया है पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसके बारे में केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह बताएंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, पूर्व महापौर व नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज, भाजपा प्रवक्ता संतोष दास, मीडिया प्रभारी रुपेश दुबे मौजूद थे।


अन्य पोस्ट