सरगुजा
अंबिकापुर, 10 जनवरी। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने बताया कि 21 और 22 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अरुण साव द्वारा माँ महामाया की नगरी अम्बिकापुर में आहुत की गई है, जिसमें प्रदेश भर के 300 से ज्यादा नेता, विधायक, सांसद, राष्ट्रीय पदाधिकारी अम्बिकापुर आएंगे।
भाजपा छग द्वारा प्रथम दिन 21 जनवरी को अम्बिकापुर में एक विशाल आदिवासी सम्मेलन आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें सरगुजा संभाग के हजारों जनजाति समाज सहित मोदी सरकार द्वारा हाल में जनजाति वर्ग में शामिल 12 जनजाति वर्ग के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव में सम्पन्न भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक में उक्त निर्णय लिया गया है, जिसके क्रियान्वयन की दृष्टि से स्थानीय वरिष्ठ नेताओं को व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों को लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई है।


