सरगुजा
गतका दल ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 दिसंबर। श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज के 356वें प्रकाश पर्व की खुशी में मंगलवार को साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। परंपरागत वेशभूषा में पंज प्यारे गुरुचरण सिंह ,नवराज सिंह , प्रताप सिंह, गुरसेवक सिंह, हरमिंदर सिंह व निशान साहिब सेवा परमवीर सिंह, प्रभजोत सिंह की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली गई।
नगर कीर्तन करते हुए साध संत जी गुरुद्वारा साहिब से गुरुद्वारा नानक निवास पहुंची। वहां से वापस गुरु नानक निवास होते हुए ब्रह्म रोड होकर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा शोभा यात्रा पहुंची। तत्पश्चात गुरु का अटूट लंगर बरताया गया।
शोभायात्रा के दौरान महामाया चौक पर विश्व हिंदू परिषद सहित सभी समाज के लोगों द्वारा विशेष स्वागत किया गया। प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष गुरुचरण सिंह छाबड़ा अपने सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद किया। श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश पर्व 29 दिसंबर को बड़े ही श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।
उस दिन गुरु का अटूट लंगर भी बरताया जाएगा। प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के सचिव नरेंद्र सिंह सभी को शामिल होने अनुरोध किया। शोभायात्रा के दौरान गतका दल ने कई हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिसे देखकर लोगों ने दांतों तले उंगली दबा ली।


