सरगुजा

बिजली तार पर गिरा पेड़, 10 घंटे ब्लैकआउट
13-Sep-2022 7:22 PM
बिजली तार पर गिरा पेड़, 10 घंटे ब्लैकआउट

सडक़ के दोनों ओर लगा जाम, बाल-बाल बचे लोग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,13 सितंबर।
रामानुजगंज मार्ग में संजय पार्क के पास मंगलवार की सुबह एक विशालकाय पेड़ विद्युत तार पर गिर गया, जिससे तार के साथ-साथ पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं पेड़ के मुख्य मार्ग पर गिर जाने से यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई एवं जाम की स्थिति निर्मित हो गई। गनीमत यह था कि जिस समय यह हादसा हुआ, वहां से कोई राहगीर और न ही कोई वाहन गुजर रहा था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

सूचना पर पार्षद दीपक मिश्रा मौके पर पहुंचे और नगर निगम के कर्मचारी को सूचना दी। निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंच जेसीबी एवं कटर मशीन के माध्यम से पेड़ को काटकर अलग किया एवं हटाया। जिसके बाद लगभग 1 घंटे बाद यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चालू हो सका।

पेड़ गिरने के कारण विद्युत तार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण संजय पार्क कॉलोनी एवं तकिया रोड कॉलोनी में 10 घंटे का ब्लैकआउट रहा। सूचना पर सुबह से ही विद्युत कर्मी मौके पर पहुंच युद्ध स्तर पर व्यवस्था बहाल करने लगे थे। शाम 4 बजे कर्मचारियों ने नए विद्युत खंभे व तार लगाकर विद्युत व्यवस्था को बहाल करवाया। रामानुजगंज मार्ग में जाम लगने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, खासतौर पर स्कूली बच्चे जिनकी सुबह क्लास थी। इसके अलावा यात्री बस सुबह बड़े चार पहिया ट्रक वहां के पहिए ही 1 घंटे तक थमे रहे पेड़ को काटकर मार्ग से हटाया गया, उसके बाद यातायात प्रारंभ हो सका।

कई पेड़ अभी भी हैं खतरनाक स्थिति में
रामानुजगंज मार्ग में बंगाली चौक से लेकर संजय पार्क तक कई ऐसे पेड़ हैं, जो आधे झुके हुए हैं, जिन्हें काटकर हटाने की आवश्यकता है, नहीं तो यह पेड़ कभी भी गिर सकता है और विद्युत व्यवस्था को प्रभावित करने के साथ राहगीरों को भी नुकसान पहुंचा सकता है।


अन्य पोस्ट