सरगुजा

इस्तीफा में किया गया उल्लेख एक तरह से सरकार पर अविश्वास प्रकट किया है-अनुराग
18-Jul-2022 8:20 PM
इस्तीफा में किया गया उल्लेख एक तरह से सरकार पर अविश्वास प्रकट किया है-अनुराग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,18 जुलाई।
कांग्रेस के कद्दावर मंत्री टी एस सिंहदेव द्वारा एक विभाग से इस्तीफा देने के बाद छत्तीसगढ़ के अंदर कई राजनीतिक परिस्थितियां निर्मित हुई है। इसे लेकर भाजपा ने सोमवार को अलग-अलग संभागों में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया।

अंबिकापुर में प्रेस वार्ता करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने कहा कि वर्तमान सरकार की गतिविधियों पर भाजपा की बारीक नजर है। दो दिन पहले अंबिकापुर के विधायक और सरकार में मंत्री टी एस सिंहदेव जी ने एक विभाग से इस्तीफा दिया या फिर कहें कि 1 विभाग छोड़ दिया। कोई मंत्री यदि विभाग नहीं रखना चाहता है तो उसे छोड़ सकता है, यह एक साधारण बात है, लेकिन जिस प्रकार से टीएस सिंह देव ने इस्तीफे के साथ साथ महत्वपूर्ण पत्र मुख्यमंत्री को लिखा, वह पत्र मीडिया में वायरल हो चुका है। उस पत्र के आधार पर संपूर्ण राजनीतिक परिस्थितियां निर्मित हुई।

अनुराग ने कहा कि उनके पद छोडऩे और जो पत्र उन्होंने लिखा, उसे पढऩे के बाद यह लगता है कि टी एस सिंह देव जी ने भूपेश बघेल सरकार के ऊपर एक तरीके से अविश्वास का आरोप पत्र दाखिल किया है। आमतौर पर इस प्रकार का आरोप पत्र विपक्ष या अन्य लोग दायर करते हैं, लेकिन टी एस सिंहदेव का जो पत्र है, उन्होंने जो मुद्दे उठाए हैं पेशा कानून, मनरेगा और तीसरा पीएम आवास को लेकर जो बड़ा निवेश छत्तीसगढ़ में आना था, गरीबों को पक्के के मकान मिलने थे ,वह पूरी तरह से इन 4 साल में नहीं हो पाया। यह भी टीएस सिंह देव ने स्वीकार किया है। उन्होंने एक तरह से सरकार के ऊपर अविश्वास प्रकट किया है।

अब परिस्थिति यह आ गई है कि उनके सरकार के कैबिनेट मंत्री जो सरकार का अभिन्न हिस्सा है उन्होंने ही यह तमाम आरोप सरकार के ऊपर लगाए हैं।

पत्रकार वार्ता के दौरान पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, पूर्व महापौर प्रबोध मिंज, महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, देवनाथ सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष मधुसूदन शुक्ल, मीडिया प्रभारी संतोष दास मौजूद थे।


अन्य पोस्ट