सरगुजा
इस सीजन अब तक का सर्वाधिक तापमान दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 29 अप्रैल। राजस्थान की तरफ से आ रही लगातार गर्म हवा के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार को सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर 42.3 डिग्री के साथ इस ग्रीष्म ऋतु सीजन में 29 अप्रैल को सबसे ज्यादा गर्म रहा।
प्रचंड गर्मी के थपेड़ों से लोग हुए परेशान हो गए हैं। लोग एसी-कूलर का सहारा लेते हुए नजर आए, वहीं दोपहर में सडक़ों में सन्नाटा पसरा रहा। सरगुजा में गर्म हवा चलने से लू जैसे हालात बन गए हैं, लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है।
गौरतलब है कि अब तक प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म प्रदेश की राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर था, पर अब सरगुजा का अम्बिकापुर भी इससे अछूता नहीं है। सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर की बात की जाए तो यहां पारा इस गर्मी सीजन का सर्वाधिक 42.3 डिग्री के पार पहुंच गया है। अम्बिकापुर में रिकार्ड तोड़ गर्मी व लू चलने से लोग काफी हलाकान रहे।
अम्बिकापुर में बेतहाशा बढ़ी गर्मी से लोग बेहाल हो गए हंै। यहां पारा 42.3 डिग्री पर पहुंच गया है, जो औसत तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। गर्म हवाएं लोगों को लू का अहसास कराने लगी हैं, लोग बाहर निकलने में कतराने लगे हंै,जो बाहर निकल रहे हैं, वह सफेद तौलिया, छाता व अन्य संसाधनों का उपयोग कर रहे हैं। मौसम के इस तेवर का लोगों की सेहत पर भी बुरा असर पड़ रहा है, लोग बीमार पड़ रहे है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय हो गया है, इसका असर सरगुजा संभाग में 1 मई से अधिक सक्रियता के कारण आने वाले दो-तीन दिनों तक ग्रीष्म की गर्म तरंगों से कुछ राहत मिल सकती है।


