सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,13 मार्च। मैनपाट महोत्सव 2022 में पहली बार मंत्री अमरजीत भगत के मार्गदर्शन में कुश्ती का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, यूपी, बिहार तथा अन्य कई प्रदेश के पहलवानों ने भाग लिया।
आज 25 कुश्ती का मुकाबला हुआ, जिसमें कुल 50 पहलवानों ने भाग लिया। छोटा खली नाम से प्रसिद्ध पहलवान संदीप राणा जिन्हें भारत केसरी की उपाधि प्राप्त है, ने भी भाग लिया और जीत हासिल की। साथ ही पहलवान राम जो अयोध्या से मैनपाट पहली बार कुश्ती लडऩे आये थे, उन्होंने आज तीन कुश्तियां लड़ी और 51 हजार रुपये तक का पुरस्कार जीता।
मैनपाट महोत्सव में पहली बार आयोजित कुश्ती ने लोगों के दिल को जीत लिया। भारी संख्या में दर्शक देखने के लिए आये। कुश्ती स्पर्धा को देखने कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत के साथ साथ अम्बिकापुर कमिश्नर जी आर चुरेन्द,्र पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव, सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा और पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले के साथ ही पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा और सबने प्रतियोगिता का लुफ्त उठाया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कुश्ती की प्रतियोगिता के प्रति लोगों का रुझान देखते हुए हर साल मैनपाट महोत्सव में कुश्ती प्रतियोगिता कराने की निर्देश दिए, साथ ही पहलवानों को पुरस्कार राशि भी प्रदान की। इस कुश्ती में महिला प्रतिभागियों ने भी भाग लिया, जिसे मंत्री अमरजीत भगत ने बहुत सराहा और छत्तीसगढ़ में भी महिलाओं को कुश्ती व अन्य खेलों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को सशक्त बनाने में महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान रहा है और कोई भी महिला खिलाड़ी या पुरुष खिलाड़ी को जब भी जिस तरह की भी मदद की जरूरत होगी, उनके लिए उनकी सेवा में उनका अपना मंत्री अमरजीत भगत सदैव तत्पर रहेगा।


