सरगुजा
बिहार सरकार के मंत्री का रामानुजगंज में भव्य स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,13 फरवरी। छत्तीसगढ़ भाजपा के सह प्रभारी एवं बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन रामानुजगंज पहुंचे। छत्तीसगढ़ सीमा में प्रवेश करते ही ढोल-नगाड़े, आतिशबाजी के साथ राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, भाजपा प्रदेश महामंत्री सह विधायक नारायण चंदेल, नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल कृष्ण मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा आतिशी स्वागत किया गया। नितिन नवीन सडक़ के रास्ते से रामानुजगंज पहुंचे थे। नितिन नवीन भाजपा कार्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
अपने स्वागत से अभिभूत नितिन नवीन ने कहा कि आप लोग यही उत्साह बनाए रखिए, आपके उत्साह से यह स्पष्ट है कि आने वाले समय में निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनेगी। नितिन नवीन ने एक-एक भाजपा कार्यकर्ता से आत्मीयता से मुलाकात कर हालचाल जाना।
नितिन नवीन के बलरामपुर रामानुजगंज जिले में प्रवास को लेकर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संभाग के सह संयोजक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि निश्चित रूप से प्रदेश के प्रभारी नितिन नवीन के आगमन से कार्यकर्ताओं में नए उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ है उनके मार्गदर्शन में निश्चित रूप से हम और मजबूती के साथ संगठन के लिए कार्य करेंगे।
भाजपा जिला महामंत्री ओम प्रकाश जायसवाल ने कहा कि संगठन के प्रदेश सह प्रभारी के आगमन से कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा हुआ है। वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष केसरी ने भी संगठन के प्रदेश सह प्रभारी के आगमन को संगठन को मजबूत बनाने वाला बताया।
पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष आरके पटेल ने कहा कि भाजपा संगठन के छत्तीसगढ़ प्रभारी नितिन नवीन के संगठनात्मक प्रवास से विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ, साथ ही साथ उन्हें मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। जिससे हम आगामी विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से भाजपा का परचम लहराने में कामयाब होंगे।


