सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,17 नवम्बर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर जिला कांग्रेस सेवादल के मुख्य संघटक शिव प्रसाद अग्रहरी के नेतृत्व में कतकालो में जनजागरण पदयात्रा का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रामप्रसाद सोनी ने जन जागरण पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली गांव में भ्रमण करते हुए जोशीले नारों से कांग्रेस सेवादल के स्वयंसेवकों ने भाजपा की केंद्र सरकार की देश विरोधी नीतियों से जनता को अवगत कराया। तत्पश्चात रैली कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, जहां सेवादल सरगुजा के अध्यक्ष शिव प्रसाद अग्रहरी ने कहा कि दिन प्रतिदिन देश की आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है। किसान विरोधी तीन काले कानूनों से किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। हम सबको मिलकर केंद्र की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना है और देश में भारतीय राष्ट्रवाद को पुन: स्थापित करना है।
कांग्रेस सेवादल के वरिष्ठ महामंत्री राजेश पांडेय ने अपने उद्बोधन में भाजपा सरकार को झूठी पार्टी करार देते हुए कहा कि बढ़ती मंहगाई से आमजनों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला कांग्रेस सेवादल के महामंत्री आरिफ खान और सेवादल के महामंत्री अमन सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर राम प्रसाद सोनी,दीन साय रजवाड़े, पारस राजवाड़े, राजेश रजवाड़े, ओम प्रकाश दुबे, वीरेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, धनीराम, रामदेव पांडे सहित कांग्रेस सेवादल के स्वयं सेवक उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन ओम प्रकाश दुबे ने किया।


