सरगुजा
जमकर खरीदारी, घरों को सजाने जुटे रहे लोग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 नवंबर। शहर सहित जिलेभर में गुरुवार को दीपों का पर्व दीपावली धूमधाम से मनाई जाएगी। इस दिन लोग मां लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि व सर्व सिद्धि की कामना करेंगे। इसके बाद पटाखे फोडऩे का दौर शुरु हो जाएगा।
दीपों का पर्व दिवाली गुरुवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए लोग अपने घरों में रंगरोगन कर आकर्षक साज-सज्जा में लग गए हैं। शुक्रवार को शहर में खरीदारी करने लोगों की भीड़ लगी रही। घरों को रोशन करने लोगों ने मिट्टी के दीये, मोमबत्ती सहित मनपसंद झालरों की खरीदी की।
इसके लिए शहर में जगह-जगह व्यवसायियों ने आकर्षक ढंग से साज-सज्जा कर दुकानें लगा रखी थीं। गुदरी बाजार, सदर रोड, देवीगंज रोड, ब्रम्ह रोड व स्कूल रोड़ में काफी संख्या में महिलाएं व युवतियों ने रंग-बिरंगी रंगोली व मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं की खरीददारी की।
फूटेंगे करोड़ों के पटाखे
दिवाली पर शहर सहित जिलेभर में करोड़ों के पटाखे फूटेंगे। इस वर्ष भी पीजी कॉलेज ग्राउंड में पटाखों का बाजार सजा है। लोग परिवार सहित दो दिन पूर्व से ही वहां पहुंचकर पटाखों की खरीदी कर रहे हैं।
दिवाली पर हर घर में महालक्ष्मी की पूजा की जाएगी। दिवाली में पांच दिन तक खास पूजा करते हुए मां लक्ष्मी को प्रसन्न किया जाता है। लक्ष्मी पूजा के दिन घर में मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए हर कोने में मिट्टी के दीयों से रोशनी की जाएगी।
रंगोली से सजेंगे घर आंगन
दीपावली पर्व के मद्देनजर घर आंगन को और खूबसूरत बनाने रंग बिरंगी रंगोली की खरीदारी बुधवार को खासकर महिलाओं ने जमकर की। दीपावली पर घर के बाहर और आंगन में आकर्षक रंगोली बनाई जाती है। इसके साथ साथ घरों को सजाने के लिए कई प्रकार के सामान की भी खरीदारी करते हुए लोग दिखाई दिए।


