सरगुजा
घुनघुट्टा छठ घाट का निरीक्षण, दिए दिशा निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 3 नवम्बर। प्रदेश के पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंह देव आज रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा दरिमा एयरपोर्ट पहुँचे। पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंह देव के दरिमा पहुंचने पर वनौषधि एवं पादप विकास बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद, महापौर डॉ अजय तिर्की, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, बंटी शर्मा, संध्या रवानी सहित जिला, ब्लॉक एवं महिला कांग्रेस के पदाधिकारीयों एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ एयरपोर्ट पर स्वागत किया।
एयरपोर्ट से पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंह देव सीधे घुनघुट्टा नदी के छठ घाट पर पहुँचे, जहाँ पर उन्होंने छठ पूजा समिति द्वारा छठ पूजा को लेकर किये जा रहे तैयारियों का जायजा लिया तथा कोरोना काल में आयोजन समिति को भीड़ नियंत्रण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए सभी को पंक्तिबद्ध करने, मास्क एवं सेनेटाइजर का उपयोग सहित जल्द ही छठ घाट के निर्माण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
छठ घाट के पक्के निर्माण हेतु भी उन्होंने समिति से कई जानकारी साझा की। इस दौरान काफी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छठ पूजा आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।


