सरगुजा
निगम घेराव के साथ किया धरना-प्रदर्शन, स्वास्थ्य मंत्री-महापौर पर साधा निशाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,4 अक्टूबर। अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में बदहाल सडक़ें, चारों ओर धूल के साथ-साथ गंदगी, पानी, बिजली की समस्या, संपत्ति कर कम नहीं करने, शासकीय जमीन पर अतिक्रमण, विभिन्न कार्यों में भ्रष्टाचार एवं नगर के अन्य समस्याओं को लेकर सोमवार को सरगुजा भाजपा द्वारा जमकर प्रदर्शन किया गया।
भारतीय जनता पार्टी और युवा मोर्चा ने भाजपा कार्यालय से रैली निकालकर निगम कार्यालय पहुंचे और नगर निगम का घेराव करने उपरांत धरना प्रदर्शन किया। निगम घेराव के दौरान आक्रोश इस कदर दिखा कि कार्यकर्ता नगर निगम का गेट तोडऩे पर आमादा हो गए। यही नहीं पुलिस के द्वारा लगाए गए बैरिकेट्स को भी कार्यकर्ताओं ने गिरा दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं में जमकर झूमा-झटकी हुई। भाजपा महिला मोर्चा ने भी विरोध स्वरूप अपने हाथों से चूडिय़ां निकालकर निगम कार्यालय में फेंककर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। घंटों तक कार्यकर्ता नगर निगम के मुख्य गेट पर प्रदर्शन करते रहे और निगम सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि ढाई साल पहले जब कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई थी, तब उनके द्वारा कई वायदे किए गए थे, परंतु एक भी वादा आज तक पूरा नहीं हो सका है। शहर की स्थिति बिगड़ चुकी है, सभी सडक़ें खराब हो चुकी है। सभी सडक़ों में धूल से लोग परेशान हैं। संपत्ति और समेकित कर को भी कम करने का वादा किया गया था, परंतु वह भी आज तक पूरा नहीं हो सका।
अनुराग ने कहा कि निगम सरकार पिछले 5 साल के संपत्ति कर को माफ करें और नवरात्र के पहले सभी सडक़ों का मरम्मत करा शहरवासियों को धूल से निजात दिलाएं। श्री सिंह देव ने कहा कि यह प्रदर्शन अभी सिर्फ अल्टीमेटम है अगर इस पर अमल नहीं हुआ तो आगे और भी बड़ा प्रदर्शन होगा। अनुराग ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव, महापौर डॉ. अजय तिर्की पर भी जमकर निशाना साधा।
नगर-निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज ने कहा कि कांग्रेस सरकार को बने हुए सात वर्ष हो चुके है। निगम की कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए गये वादे आज तक पूरा नहीं की है, जिससे नगर की जनता ठगा महसूस कर रही है। नगर में लगभग सभी क्षेत्रों में समस्याए व्याप्त है। भारतीय जनता पार्टी पार्षद दल सामान्य सभा में एवं समय समय पर समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन के माध्यम से ध्यान आकर्षित कराती रही है, परन्तु निगम की कांग्रेस सरकार सत्ता के मद में मस्त है।
प्रदर्शन उपरांत नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज ने निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि घोषणा पत्र के अनुसार सम्पत्ति कर व समेकित कर आधा करें। शहर के सभी सडक़ों का डामरीकरण कराया जावे। शहर की सडक़ो को गढ्डा व धूल मुक्त करें। सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त करे। नगर की जनता को 24 घंटे पानी दें। वर्तमान में अमृत मिशन के द्वारा सुबह शाम मात्र 20 मिनट ही पानी दिया जा रहा है। जल आघन घुनघुट्टा योजना का कार्य स्वीकृत डी.पी. आर. (ड्राइन्ग, डिजाईन) के अनुरूप कराया जावे. एवं उक्त कार्य में व्याप्त भ्रष्ट्राचार की जाँच लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा कराई जाये। प्रधानमंत्री आवास योजना एएचपी के पात्र हितग्राहियों का नियमानुसार लाटरी प्रद्धति से आवंटन किया जावे।
ट्रांसपोर्ट नगर के अवैध कब्जे को तत्काल हटाया जावे एवं ट्रासपोर्ट नगर शीघ्र प्रारंभ करें।शहर के बस स्टैंड से अवैध गुमटी को तत्काल हटाया जावे। प्रतिक्षा बस स्टैंड के व्यावसायिक काम्पलेक्स से छोटी रूट की बसों का संचालन प्रारंभ किया जावे जिससे वहां के दुकानदारों का जीविकोपार्जन हो सके।
माहामाया पहाड़ के अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जावे। नगर के श्मशान घाटों में पानी एवं कर्मचारीयों के साथ समुचित व्यवस्था की जावे।आवारा पशुओं के कारण दुर्घटना घटित हो रही है अत: आवारा पशुओं को रोका छेका करें। एवं नगर में शुअर पालन में प्रतिबंध कर जनता को राहत दें। शहर की सफाई व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है जिसके कारण नगर की जनता बीमार हो रही है।
सफाई व्यवस्था दुरुस्त करें।
मच्छरों की रोकथाम के लिए नालियों में दवा का छिडक़ाव तत्काल कराया जाये, जिसमें डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से जनता सुरक्षित रहे। नगर के उद्यानों को सुबह से शाम तक खुला रखें। स्वीपिंग मशीन का उपयोग शहर के सभी मार्गों में किया जावे जिससे नगर की जनता धूल से होने वाली परेशानी से सुरिक्षत रहे। नगर निगम के कुशल श्रमिकों का शासन के निर्देशानुसार भुगतान किया जाये एवं कर्मचारियों को नियमित भुगतान किया जावे।सरगुजा सदन व राजमोहिनी भवन लगभग 1 करोड़ की बकाया राशि तत्काल वसूल की जावे।
शहर में सीटी बसों का संचालन प्रारंभ किया जावें एवं बसों के संचालन अनुवध के अनुरूप राशि जमा करायी जावे या संचालन निरस्त करें। सिटी बसों के संचालन हेतु बनाये गये टर्मिनल बिल्डिंग में व्याप्त भ्रष्ट्राचार की जांच करायी जावे।प्रतिक्षा बस स्टैंड के कांक्रिटकरण निविदा अनुरूप नहीं होने एवं गुणवत्ताविहिन होने के कारण कार्यकरण उसकी जांच करायी जावे एवं दोषियों के विरूद कार्यवाही की जावें। ई-रिक्शा संघारण मरम्मत की भ्रष्ट्राचार की जांच में पाये गये दोषियों पर कार्रवाई करें। मां महामाया तालाब का सौदगीकरण कराया जावे एवं सार्वजनिक प्रसाधन की व्यावस्था.की जावे। भारत रत्न पंडित मदनमोहन मालवी उद्यान को यथावत रखते हुए निगम कार्यालय को अन्यत्र जगह बनाया जाए।
केन्द्र सरकार की महत्वकांक्षी अमृत मिशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में हो रहे भ्रष्टाचार को बंद करें एवं केन्द्र की मंशा अनुरूप नगर की जनता को लाभ दिलाऐं। विगत सात वर्षों से नगर के वार्डों का विकास रुका हुआ है वार्डो में सडक़, नाली, बिजली का काम तत्काल प्रारंभ करावें।
धरना प्रदर्शन में पिछड़ा वर्ग मोर्चा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा जिला अध्यक्ष, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, वरिष्ठ भाजपा नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि कैलाश मिश्रा सहित भाजपा दल के पार्षद व भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी जिला पदाधिकारी मौजूद थे।


