सरगुजा

स्वच्छता के संकल्प के साथ मनी गांधी-शास्त्री जयंती
03-Oct-2021 8:46 PM
स्वच्छता के संकल्प के साथ  मनी गांधी-शास्त्री जयंती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 3 अक्टूबर। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल केवरी लखनपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई।

 इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पण किया गया और साथ ही उनके बताए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। विद्यार्थियों द्वारा दिए गए भाषण में अपने विचार प्रस्तुत किए गए।

विद्यालय के शिक्षक सनंत प्रधान द्वारा महात्मा गांधी की जीवनी को बेहद रोचक तरीके से क्रमवार प्रस्तुत किया गया, जिसमें गांधी जी के जन्म से लेकर कानून की पढ़ाई के दौरान लंदन प्रवास तत्पश्चात सत्याग्रह की शुरुआत और क्रमश: भारत छोड़ो आंदोलन का जिक्र किया गया। इसी तारतम्य में विद्यालय की शिक्षिका प्रिया विश्वकर्मा द्वारा भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन वृत्त को प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि न केवल विद्यालय बल्कि अपने ग्राम, शहर, राज्य और देश की साफ सफाई एवंो रखरखाव हम सभी का परम कर्तव्य है अत: हमें अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।

 इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य व्ही के श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में ऐसे महापुरुषों के कार्यों की समीक्षा कोई भी व्यक्ति बड़ी आसानी से कर लेता है, किंतु उस समय की परिस्थितियों में निर्णय लेना और अपने लक्ष्य को कार्यरूप देना आसान नहीं था। गांधी जी के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी कि देश आजादी के लिए सर्वप्रमुख देश को एकता के सूत्र में पिरोएं। उन्होंने बच्चों को कई महापुरुषों का उदाहरण देकर उन्हें अपने दायित्वों के प्रति प्रेरित किया। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक शिक्षिकाओं तथा समस्त छात्रों के द्वारा विद्यालय परिसर एवं आस पास के क्षेत्रों में सफाई की गई। कार्यक्रम का समापन शान्तिपाठ के साथ किया गया।


अन्य पोस्ट