सरगुजा

समूह की महिलाओं से मुर्गी-बटेर पालन के संबंध में ली जानकारी
28-Sep-2021 6:35 PM
समूह की महिलाओं से मुर्गी-बटेर पालन के संबंध में ली जानकारी

कलेक्टर ने आदर्श गोठान सोहगा व मेण्ड्राकला का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर,28 सितंबर। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने अम्बिकापुर जनपद के आदर्श गोठान सोहगा व मेण्ड्राकला निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सोहगा गोठान में समूह की महिलाओं द्वारा संचालित 3 टीयर मुर्गी पालन केन्द्र में उत्पादित अण्डा खरीदकर अण्डा विक्रय का शुभारंभ किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए मुर्गी पालन एवं बटेर पालन के संबंध में जानकारी ली और इसे फायदेमंद बनाने के लिए जरूरी निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सोहगा गोठान में शुरू किए गए क्रायलर मुर्गी पालन, बटेर पालन एवं मशरूम उत्पादन शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने मशरूम उत्पादन शेड में चूहों से सुरक्षा हेतु रेट प्रोटेक्शन वाल बनाने के निर्देश दिए। सोहगा गोठान में 250 नग क्रायलर मुर्गी एवं 250 नग बटेर का पालन का पालन किया जा रहा है। कलेक्टर ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए गोठान में खाली जमीन पर कलकतिया गेंदा लगाने के निर्देश दिए, इसके साथ ही इंटरक्रॉपिंग अंतर्गत गोभी और मूली लगाने कहा।

कलेक्टर ने गोबर खरीदी एवं वर्मी कम्पोस्ट निर्माण का निरीक्षण करते हुए खरीदी पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने दोनों गोठान में गोबर खरीदी सतत् रुप से जारी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने रीपा के अंतर्गत औद्योगिक इकाई निर्माण कार्य में तेजी लाकर शीघ्रता पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही समूह की महिलाओं के लिए बैठक व्यवस्था हेतु शेड निर्माण कराने अधिकारियों को निर्देशित किए।

इस दौरान उप संचालक उद्यान केएस पैकरा, पशु चिकित्सक डॉ. सीके मिश्रा, डीपीएम राहुल मिश्रा, वैज्ञानिक डॉ. प्रशांत शर्मा सहित कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट