सरगुजा

भाजयुमो मंडल रामानुजगंज की प्रथम कार्यसमिति की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 13 अगस्त। भाजयुमो मंडल रामानुजगंज के प्रथम कार्यसमिति की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष निशा नेताम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष बलवंत सिंह एवं मंडल प्रभारी गौतम सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई। जिसमें भाजयुमो का विस्तार बूथ स्तर तक किए जाने एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए हर मोर्चे पर विफल बताया। भाजयुमो मंडल की प्रथम कार्यसमिति की बैठक में वक्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं का बखान करते हुए छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार पर जमकर भड़ास निकाली।
भाजयुमो की प्रथम कार्य समिति के बैठक के पूर्व भारत माता पंडित दीनदयाल उपाध्याय श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर दीप पूजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष निशा नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आगामी 2023 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार जाना तय है। जिस प्रकार से किसान नौजवान सहित समाज के सभी वर्ग इस सरकार से दुखित है, निश्चित रूप से वह 2023 विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। भूपेश बघेल सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है अधिकारी बेलगाम हो गए हैं आम जनता की सुनने वाला यहां कोई नहीं है। छत्तीसगढ़ में 15 साल भाजपा की सरकार रही तब सुशासन का राज था, आज कुशासन का राज है।
निशा नेताम ने कहा कि जिस प्रकार से आज आप भाजयुमो के कार्य समिति के बैठक में इतनी संख्या में उपस्थित हुए हैं वह निश्चित रूप से आप की मजबूती को दर्शाता है। आप सभी इसी मजबूती के साथ गांव गांव में केंद्र सरकार की योजनाओं से हर एक पात्र हितग्राही को लाभान्वित करने के लिए काम करें। साथ ही साथ भूपेश सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष बलवंत सिंह ने कहा कि बलरामपुर रामानुजगंज जिले में भाजयुमो की बहुत मजबूत टीम है भाजयुमो का विस्तार गांव गांव में है हम सबको 2023 में कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकना है। मंडल प्रभारी गौतम सिंह ने भाजयुमो संगठन के गतिविधि को लेकर विस्तार से चर्चा की साथ ही साथ आवश्यक दिशा निर्देश दिए श्री सिंह ने युवा मोर्चा को समय-समय पर जनता के हित से संबंधित मुद्दों को उठाने की भी बात कही। बैठक को वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण केसरी शैलेश गुप्ता जयप्रकाश गुप्ता, उमेश सिंह गहरवार सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।
इस दौरान, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी अमित गुप्ता मंटू, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष उषा गुप्ता, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अनोज यादव, भाजयुमो जिला मंत्री अजय यादव, महामंत्री अशर्फी यादव, विक्रम गुप्ता इरफान अंसारी दयाल विश्वास ललन पाल प्रमोद गुप्ता, राजकुमार यादव कृपा शंकर गुप्ता सुनील सिंह सतीश जयसवाल रंजीत वैध, कृतिका सिंह पूनम मिर्धा, कृष्णा पासवान सौरभ चौबे,अरविंद यादव, अनमोल एक्का, नंदकिशोर गुप्ता बिट्टू पाल सहित भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो मंडल महामंत्री अशर्फी यादव एवं आभार प्रदर्शन महामंत्री विक्रम गुप्ता ने किया।