सरगुजा

निगम सामान्य सभा लंबे समय के बाद आज
09-Aug-2021 7:38 PM
  निगम सामान्य सभा लंबे समय के बाद आज

   शहर विकास के लिए कई एजेंडे शामिल   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 अगस्त। कोरोना काल में स्थगित हुई नगर निगम सामान्य सभा की बैठक लंबे समय बाद मंगलवार की दोपहर 12 बजे से राज मोहनी भवन में आयोजित की जा रही है। इस बैठक के लिए पहले ही पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने 24 सवाल प्रस्तुत किए हैं, जिनका जवाब दिया जाएगा। सवाल-जवाब के बाद एजेंडे पर चर्चा होगी। बैठक में शहर विकास के लिए कई एजेंडे शामिल किए गए हैं।

भाजपा पार्षदों ने जनहित के मुद्दों पर विरोध की तैयारी की है। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष व पूर्व महापौर प्रबोध मिंज ने सामान्य सभा से 1 दिन पूर्व चर्चा करने पर कहा कि शहर की हालत खराब हो चुकी है। सडक़ हर जगह जर्जर है। बारिश में कई जगह जलजमाव की स्थिति भी निर्मित हो रही है। इसके साथ साथ शहर की सडक़ों पर मवेशियों का जमावड़ा भी लगा रहता है। कोई भी योजनाएं संचालित नहीं की जा रही है। जल आवर्धन योजना में 40 फीसदी काम अभी भी बाकी है।

इसके साथ-साथ पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने भी कई सवाल लगाए हैं, जिनमें ट्रांसपोर्ट नगर को लेकर क्या योजनाएं नगर निगम द्वारा चल रही है और शहर की सडक़ों की स्थिति सुधारने के लिए किस प्रकार के कार्य किए जा रहे हैं, इस पर भी सदर में सवाल उठाया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग का सवाल भी लगाया गया है। काफी समय बाद आयोजित नगर निगम की सामान्य सभा जनहित के मुद्दों को हंगामेदार होने की संभावना है।


अन्य पोस्ट