सूरजपुर

प्रतापपुर बीईओ के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजे गए
21-Nov-2026 11:06 PM
 प्रतापपुर बीईओ के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजे गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 21 नवंबर। विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रतापपुर मुन्नू सिंह धुर्वे के विरुद्ध विभागीय शिकायतों के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सूरजपुर ने अनुशासनात्मक कार्रवाई के प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजे हैं।

 इन प्रस्तावों में एक ही कार्यालय में लंबे समय तक पदस्थापना, शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण में कथित अनियमितताओं, विभागीय निर्देशों के पालन और कारण बताओ नोटिसों का जवाब नहीं देने से संबंधित मामले शामिल हैं।

इस संबंध में ग्राम पोड़ी निवासी चंद्रिका कुशवाहा ने 5 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के माध्यम से उन्होंने बीईओ की लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापना और विभागीय कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने नियमानुसार स्थानांतरण और विभागीय कार्रवाई का भी अनुरोध किया था।

विभागीय दस्तावेजों के अनुसार, कलेक्टर सूरजपुर के पत्र क्रमांक 5949/स्था.01/टी-संवर्ग/2025 दिनांक 21 अगस्त 2025 के आधार पर मुन्नू सिंह धुर्वे के विरुद्ध विभागीय जांच की अनुशंसा करते हुए प्रस्ताव लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर भेजा गया था।

इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 6 नवंबर 2025 को पत्र के माध्यम से आयुक्त, सरगुजा संभाग को अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा। इसकी प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, संचालक लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर सूरजपुर और संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग को भी भेजी गई थी।

प्रस्ताव में संबंधित अधिकारी के कार्यकाल के दौरान सामने आए विभागीय मामलों का उल्लेख है। इनमें प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही के आरोप, शासकीय निर्देशों के पालन में कमी और कारण बताओ नोटिसों का जवाब प्रस्तुत नहीं करने के बिंदु शामिल हैं।

युक्तियुक्तकरण में गड़बड़ी के आरोप भी प्रस्ताव में शामिल

वर्ष 2025 में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण के दौरान प्रतापपुर विकासखंड के कुछ विद्यालयों में रिक्त पदों की जानकारी को लेकर शिकायतें दर्ज हुई थीं। विभागीय प्रस्ताव में हाईस्कूल गणेशपुर, माध्यमिक शाला खोरमा, कन्या प्रतापपुर और प्राथमिक शाला दुरती से संबंधित मामलों का उल्लेख किया गया है।इसके अलावा व्याख्याता प्रियंका पाण्डेय से जुड़ी जानकारी और प्राथमिक शाला यादवपारा दुरती के रिक्त पद को सूची में शामिल नहीं किए जाने का मामला भी प्रस्ताव में दर्ज है।

विभागीय पत्र के अनुसार, 14 अक्टूबर 2025 को आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और विद्यालयों के परीक्षा परिणाम से संबंधित जानकारी प्रस्तुत करने में भी कमियां सामने आने का उल्लेख किया गया था। इन बिंदुओं के आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

जनदर्शन शिकायत पर विभाग ने दी कार्रवाई की जानकारी

चंद्रिका कुशवाहा की शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 22 अक्टूबर 2026 को पत्र क्रमांक 8730/जनदर्शन/2026 जारी कर उन्हें विभागीय कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराया। पत्र में बताया गया कि संबंधित मामलों के प्रस्ताव उच्च कार्यालयों को भेजे जा चुके हैं और वहां से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतकर्ता चंद्रिका कुशवाहा ने कहा कि उनका उद्देश्य शिक्षा विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कराना है। उन्होंने मांग की कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच हो और आरोप प्रमाणित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

फिलहाल संबंधित प्रस्तावों पर कलेक्टर सूरजपुर, आयुक्त सरगुजा संभाग और लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के स्तर पर निर्णय लिया जाना है।


अन्य पोस्ट