सूरजपुर

नशीले इंजेक्शन जब्त, 4 बंदी
18-Nov-2026 8:24 PM
नशीले इंजेक्शन जब्त, 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,19 नवंबर। सूरजपुर जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 162 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 82 हजार रुपए बताई गई है। कार्रवाई में नशीले इंजेक्शन बेचने वाले विक्रेताओं के साथ सप्लाई करने वालों को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार 17 नवंबर को थाना सूरजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चन्दरपुर निवासी नंदकेश्वर साहू अपने घर में अवैध रूप से नशीले इंजेक्शन रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान की तलाशी ली। इस दौरान 29 इंजेक्शन बरामद हुए। इनकी बाजार कीमत करीब 15 हजार रुपए आंकी गई है।

पूछताछ में नंदकेश्वर साहू ने बताया कि वह उक्त इंजेक्शन देवनगर निवासी रहमान उर्फ अब्दुल रहमान और रामानुजनगर निवासी ममसाद अली उर्फ गुड्डा से खरीदकर लाया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में नंदकेश्वर साहू, ममसाद अली उर्फ गुड्डा और रहमान उर्फ अब्दुल रहमान के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) एवं 29(1) के तहत कार्रवाई की गई है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस को भैयाथान रोड सूरजपुर निवासी संतोष साहू उर्फ मोनू (24) के घर में नशीले इंजेक्शन रखकर बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां से 133 इंजेक्शन बरामद हुए। इनकी बाजार कीमत करीब 67 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

इस तरह दोनों अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल 162 नशीले इंजेक्शन जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


अन्य पोस्ट