सूरजपुर

60 केंद्रों में होगी धान खरीदी, अवैध परिवहन रोकने 4 चेकपोस्ट
17-Nov-2026 9:09 PM
60 केंद्रों में होगी धान खरीदी, अवैध परिवहन रोकने 4 चेकपोस्ट

कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण, किसानों से चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,17 नवंबर। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के बाद कलेक्टर रेना जमील ने मंगलवार को कृष्णपुर, देवनगर एवं चंदरपुर धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा पारदर्शी तरीके से धान खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पेयजल, छांव, बैठने की व्यवस्था, बारदाना, हमाल और तौल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा। उन्होंने नमी मापी यंत्र से धान की गुणवत्ता की जांच कराई तथा स्वयं भी नमी मापी। साथ ही बोरियों का वजन कराकर निर्धारित मापदंडों के अनुरूप खरीदी करने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब बारदाने स्वीकार नहीं करने, केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे, साफ-सफाई और आवश्यक सूचनाओं का प्रदर्शन सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने किसानों से चर्चा कर खरीदी प्रक्रिया और सुविधाओं की जानकारी ली। कृष्णपुर केंद्र में किसान हेमसाय राजवाड़े 54 क्विंटल तथा नारायणपुर के किसान रामनरेश 100 क्विंटल धान बेचने पहुंचे थे। वहीं चंदरपुर समिति में भैयालाल, हंसलाल और रामजतन साहू सहित 19 किसानों ने धान का विक्रय किया।

इस दौरान कलेक्टर ने कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली आदान सहायता राशि की जानकारी देते हुए गांवों में मुनादी के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं मोबाइल पर च्तुंहर हाथज् टोकन एप के जरिए टोकन काटने की प्रक्रिया देखी और किसानों को डिजिटल माध्यम से टोकन प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।

68,531 किसानों से होगी खरीदी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले के 60 धान उपार्जन केंद्रों में 68,531 पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा। इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए छह नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं। पिछले दो दिनों में जिले के 35 केंद्रों में 300 किसानों से 12,408 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।

अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की नजर

अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले में चार चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां अलग-अलग पालियों में निगरानी की जा रही है। इसके अलावा सभी नौ तहसीलों में उडऩदस्ता दल गठित किए गए हैं।

 कोचियों-बिचौलियों तथा अवैध धान परिवहन और भंडारण पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। अनियमितता मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुनील अग्रवाल, जिला खाद्य अधिकारी संदीप भगत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट