सूरजपुर
जनजातीय गौरव दिवस पर सौंपे गए कनेक्शन प्रमाणपत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,17 नवंबर। सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत बेलटिकरी के 89 जनजातीय परिवारों के घरों में आजादी के बाद पहली बार बिजली पहुंची है। वर्षों से बिजली सुविधा का इंतजार कर रहे इन परिवारों के घर रोशन होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में सभी 89 परिवारों को विद्युत कनेक्शन के प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत विद्युत विभाग द्वारा गांव के विद्युतविहीन क्षेत्रों में विद्युतीकरण कराया गया। इसके तहत 218 विद्युत खंभे लगाए गए। साथ ही 1.054 किलोमीटर 11 केवी लाइन और 7.657 किलोमीटर एलटी लाइन बिछाई गई। विद्युत आपूर्ति के लिए दो नए ट्रांसफार्मर स्थापित कर सभी 89 घरों में मीटर सहित विद्युत कनेक्शन दिए गए।
बिजली पहुंचने से अब बच्चों को रात में पढ़ाई करने में सुविधा होगी, वहीं महिलाओं को घरेलू कार्यों में राहत मिलेगी। ग्रामीणों को ढिबरी और लालटेन के धुएं से भी मुक्ति मिलेगी। इसके अलावा मोबाइल, टीवी सहित अन्य विद्युत उपकरणों के उपयोग से ग्रामीण आधुनिक सुविधाओं से जुड़ सकेंगे। गांव में स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी विकसित होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच रामबिलास सरुता, सचिव शिवशंकर गोयन, पंच दिनेश, मूलहदेव राजवाड़े, जनसाई एवं शिवलाल राजवाड़े सहित विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता मुकेश कुमार ध्रुव, सहायक अभियंता अनुरंजन कुजूर, शादाब अहमद एवं जीएन तिवारी उपस्थित रहे।
इस दौरान विद्युत अधिकारियों ने ग्रामीणों को सुरक्षित बिजली उपयोग, उचित वायरिंग, बिजली बचत और समय पर बिल जमा करने के संबंध में जागरूक किया। सरपंच रामबिलास सरुता ने गांव के 89 परिवारों तक बिजली सुविधा पहुंचाने पर शासन एवं विद्युत विभाग के प्रति आभार जताया।