सूरजपुर
तारा कोल ब्लॉक प्रभावित ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,16 नवंबर। लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत 17 नवंबर को प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली में विशाल जनसभा एवं जनचौपाल का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के दिग्गज नेताओं सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं एआईसीसी महासचिव भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव तथा जिला प्रभारी गुलाब कमरो सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति रहेगी। इन दिग्गज नेताओं का एक साथ कांटारोली पहुंचना क्षेत्र के राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों के साथ प्रस्तावित भेंट-मुलाकात एवं जनचौपाल होगी।
इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ग्रामीणों की समस्याएं, मांगें और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सुनेंगे। कोल ब्लॉक से प्रभावित परिवारों की चिंताओं, स्थानीय लोगों के हितों और उनकी मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। जनचौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी बात सीधे प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व के सामने रखने का अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता का प्रयास किया जा रहा है। कांटारोली का यह आयोजन इसी अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर की अध्यक्ष शशि सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में जिला, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के समस्त पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।