सूरजपुर

बाल दिवस पर 11 स्थानों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम
14-Nov-2026 10:12 PM
बाल दिवस पर 11 स्थानों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,14 नवंबर। बाल दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर द्वारा शनिवार को जिले के 11 स्थानों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान नालसा की डॉन (ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन) योजना 2025 के तहत नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने 14 से 27 नवंबर तक चलने वाले 14 दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया।

अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरवरगंज, हाई स्कूल पसला, माध्यमिक शाला धुरिया, अगस्तपुर, नवापारा कला, परसापारा, बेगारीडांड, कंदराई एवं केरता, आईसेड कंप्यूटर सेंटर भैयाथान तथा थाना परिसर रामानुजनगर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

गिरवरगंज विद्यालय में प्राचार्य केपी कुजूर ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के अधिकारों के महत्व की जानकारी दी। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालंटियर सत्यनारायण ने नालसा डॉन योजना के उद्देश्य एवं प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करती है। इससे बचाव के लिए जागरूकता, सही मार्गदर्शन और समय पर परामर्श एवं उपचार जरूरी है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नि:शुल्क विधिक सहायता, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 से अवगत कराया गया। साथ ही साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए। साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी भी दी गई। इस दौरान जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन किया गया।

अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर पैरालीगल वालंटियर्स द्वारा बच्चों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, विधिक अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। जरूरतमंद व्यक्तियों को कानूनी सहायता, परामर्श, उपचार एवं पुनर्वास सुविधाओं से जोडऩा भी अभियान का उद्देश्य है।

यह अभियान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष थॉमस एक्का के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव पायल टोपनो के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट