सूरजपुर

भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह
14-Nov-2026 9:40 AM
भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह

 पूर्व सांसद कमलभान ने कांग्रेस पर साधा निशाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 13 नवंबर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भाजपा द्वारा 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसे लेकर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व सांसद कमलभान सिंह ने बताया कि 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में प्रदेश स्तरीय समारोह आयोजित होगा, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को सम्मान और विकास के नए अवसर मिले हैं। जनजातीय कार्य मंत्रालय के बजट में 231 प्रतिशत की वृद्धि, देश को पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति और पीएम जनमन जैसी योजनाएं सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाती हैं। उन्होंने कांग्रेस पर जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक समझने का आरोप लगाते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 को देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में विकास का रास्ता खुला है।

जिले में 14 नवंबर को जनजातीय महापुरुषों के स्मारकों एवं प्रतिमाओं की साफ-सफाई और दीपोत्सव, 15 नवंबर को पुष्पांजलि तथा 16 से 18 नवंबर तक युवा संवाद एवं जनजातीय छात्रावास संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजातीय नायकों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला उपाध्यक्ष संत सिंह, जिला कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, जिला प्रवक्ता मुकेश गर्ग, जिला मंत्री राजेश्वर तिवारी और अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष अजय श्याम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट