सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 11 नवंबर। साइबर फ्रॉड के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने के मामले में सूरजपुर पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खातों में ऑनलाइन साइबर ठगी की कुल 98 हजार रुपये की रकम का लेनदेन प्रमाणित हुआ है।
पुलिस के अनुसार, भारतीय साईबर अपराध समन्वय केंद्र (आई फोर सी) के पोर्टल से प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना सूरजपुर में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर फरार आरोपियों की पतासाजी कर कार्रवाई की गई।
पहले मामले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाताधारक विकास कुमार रवि (21 वर्ष), निवासी तिवरागुड़ी जूनापारा, थाना रामानुजनगर के खाते में साइबर फ्रॉड के 45 हजार रुपये का लेनदेन मिला। पूछताछ में उसने बताया कि बैकुंठपुर निवासी एक व्यक्ति ने बैंक खाता खुलवाने के एवज में उसे 1500 रुपये दिए थे। खाता खुलवाने के बाद पासबुक, एटीएम, चेकबुक और लिंक मोबाइल नंबर अपने पास ले लिया था। आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगी में इस्तेमाल करने के लिए उपलब्ध कराया था।
वहीं, दूसरे मामले में आईडीबीआई बैंक के खाताधारक सुनील साहू (25 वर्ष), निवासी त्रिपुरेश्वरपुर, थाना रामानुजनगर के खाते में 53 हजार रुपये का साइबर फ्रॉड से संबंधित लेनदेन पाया गया। पूछताछ में उसने टेलीग्राम लिंक के माध्यम से क्यूआर कोड द्वारा अपने खाते में रकम प्राप्त करने और फिर दूसरे खातों में भेजने की बात स्वीकार की। इसके बदले साइबर ठगी करने वाले गिरोह से पैसे लेना भी सामने आया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।