सूरजपुर
सूरजपुर, 7 नवंबर। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्रीय मुख्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा विशेष अभियान 6.0 का समापन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महाप्रबंधक डॉ. संजय कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि महाप्रबंधक (संचालन) अतुल एस.बी. सिंह रहे।
समारोह में स्वच्छता अभियान के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों, डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में स्टाफ ऑफिसर (मानव संसाधन), क्षेत्रीय संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) एवं क्षेत्रीय कल्याण समिति के सदस्य, एसोसिएशन प्रतिनिधि, विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (मानव संसाधन) राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने किया।