सूरजपुर

राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में रामानुजनगर के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, दो परियोजनाएं राज्य स्तर पर चयनित
04-Nov-2026 8:20 PM
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में रामानुजनगर के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, दो परियोजनाएं राज्य स्तर पर चयनित

सूरजपुर,4 नवंबर। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। सेजेस बिश्रामपुर में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय की दो वैज्ञानिक परियोजनाओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। सीनियर एवं जूनियर दोनों वर्गों में विद्यार्थियों ने अपनी शोधपरक सोच और नवाचार से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।

छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार था। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा निर्धारित इस विषय के अंतर्गत विद्यार्थियों ने स्थानीय संसाधनों, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी वैज्ञानिक परियोजनाएं प्रस्तुत कीं।

प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में कक्षा 12वीं के शिवम ठाकुर एवं कक्षा 11वीं के राकेश कुमार यादव की परियोजना च्विद्यालयों में पांच सूत्रीय पद्धति के माध्यम से सतत कागज प्रबंधनज् का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने कागज का कम उपयोग, पुन: उपयोग, पुनर्प्राप्ति, पुनर्रचना एवं पुनर्चक्रण के पांच सूत्रों के माध्यम से विद्यालयों में कागज की खपत कम करने और कागज अपशिष्ट का वैज्ञानिक प्रबंधन करने का व्यावहारिक मॉडल प्रस्तुत किया।

इसी तरह जूनियर वर्ग में कक्षा 9वीं के अंशु सिंह एवं कृष्णा सिंह की परियोजना ‘परंपरा से सतत जीवन की ओर: ग्रामीण समुदायों में पारंपरिक बांस संबंधी ज्ञान, उपयोग एवं आजीविका का वैज्ञानिक अध्ययन’ भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई। इस परियोजना में विद्यार्थियों ने ग्रामीण समुदायों के पारंपरिक बांस संबंधी ज्ञान, उसके विभिन्न उपयोगों, आजीविका में योगदान और सतत विकास की संभावनाओं का वैज्ञानिक अध्ययन प्रस्तुत किया।

दोनों परियोजनाओं के मार्गदर्शक शिक्षक व्याख्याता गोपाल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और अनुसंधान की भावना विकसित करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया जाता है।

विद्यालय के प्राचार्य पीसी सोनी ने चयनित विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।


अन्य पोस्ट