सूरजपुर

राज्योत्सव में दिखी छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास की झलक
03-Nov-2026 8:33 PM
राज्योत्सव में दिखी छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास की झलक

राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व- मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,3 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस पर मंगलवार को अग्रसेन स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रही।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस छत्तीसगढ़ महतारी की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान का पर्व है। उन्होंने प्रदेश के विकास में सभी की सहभागिता का आह्वान किया। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने भी विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित सूरजपुर के निर्माण में योगदान देने की अपील की। वहीं कलेक्टर रेना जमील ने जिले की विकास उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी दी।

समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पाक कला प्रतियोगिता में विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। विभागीय प्रदर्शनी में जिला पंचायत को प्रथम, स्वास्थ्य विभाग को द्वितीय तथा शिक्षा एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला।

इस दौरान छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। स्कूली बच्चों ने कर्मा नृत्य सहित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट