सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 3 नवंबर। सोमवार को कोतवाली थाना परिसर में नवीन महिला थाना का विधिवत शुभारंभ किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने फीता काटकर महिला थाना का लोकार्पण किया। इस अवसर पर एसआई पुष्पा तिर्की को जिले की पहली महिला थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महिला थाना की स्थापना महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे पीडि़त महिलाओं को अपनी समस्याएं और शिकायतें सहजता से रखने के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा। साथ ही महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम और शिकायतों के त्वरित निराकरण में भी मदद मिलेगी।
लोकार्पण के बाद मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने महिला थाना के रोजनामचा में अपना शुभकामना संदेश दर्ज किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि नवीन महिला थाना महिलाओं, बच्चों और पीडि़तों को न्याय दिलाने के साथ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रभावी भूमिका निभाएगा। इससे अपराधियों में भय और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत होगा।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि सूरजपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और उनसे जुड़ी शिकायतों को लेकर गंभीर एवं संवेदनशील है।
महिला थाना शुरू होने से महिलाएं सीधे यहां पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगी।
महिला थाना प्रभारी एवं महिला पुलिस स्टाफ उनकी समस्याओं को सहजता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि महिला थाना महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी पैंकरा, भीमसेन अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल,कलेक्टर रेना जमील, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन सहित अन्य जन उपस्थित थे।