सूरजपुर

जिला स्तर विज्ञान मेले में सैकड़ों शिक्षक-विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
01-Nov-2026 8:36 PM
जिला स्तर विज्ञान मेले में सैकड़ों शिक्षक-विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

 प्रायोगिक गतिविधियों से विकसित होती है वैज्ञानिक सोच- कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 1 नवंबर। विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से साधुराम सेवा कुंज में जिला स्तरीय विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सभी विकासखंडों से पहुंचे 758 शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। मेले में विद्यार्थियों ने भौतिकी एवं रसायन विज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रयोगों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर वैज्ञानिक सिद्धांतों को व्यावहारिक रूप से समझा।

संयुक्त कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित इस विज्ञान मेले में जिले के विद्यालयों में विज्ञान, भौतिकी एवं रसायन विज्ञान का अध्यापन कराने वाले शिक्षक तथा प्रत्येक विद्यालय से चयनित विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया गया। इसमें ब्लॉक स्तरीय मेंटर्स ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को प्रयोगशाला में उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर कक्षा में वैज्ञानिक प्रयोग कराने की विधियां बताईं। हैंड्स ऑन एक्टिविटी के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वयं प्रयोग कर विज्ञान की विभिन्न अवधारणाओं को समझा।

इस अवसर पर कलेक्टर रेना जमील ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय प्रयोगों के माध्यम से समझना जरूरी है। प्रायोगिक गतिविधियों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित होती है और सीखी गई बातें लंबे समय तक स्मृति में बनी रहती हैं। स्वयं प्रयोग करके देखने से विद्यार्थियों की जिज्ञासा, तर्कशीलता, विश्लेषण क्षमता और समस्या समाधान की दक्षता भी विकसित होती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को घर पर भी सुरक्षित एवं सरल वैज्ञानिक प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विज्ञान की प्रायोगिक गतिविधियों से जोडऩे के लिए विकासखंड स्तर पर भी इस तरह के आयोजन किए जाएंगे।

विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्वयं प्रयोग करने से उन्हें विज्ञान के कठिन सिद्धांतों को सरल एवं रोचक तरीके से समझने का अवसर मिला। शिक्षकों ने भी प्रयोग आधारित शिक्षण को विद्यार्थियों की समझ विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने ‘अपना हेल्प क्यूआर’ की उपयोगिता बताते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में यह त्वरित सहायता प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इसकी जानकारी अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर यशवंत देवांगन, डीएमसी मनोज साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट