सूरजपुर

रामानुजनगर जनपद में निर्माण एजेंसी बदलने पर विवाद, कांग्रेस ने दी घेराव की चेतावनी
31-Oct-2026 8:43 PM
रामानुजनगर जनपद में निर्माण एजेंसी बदलने पर विवाद, कांग्रेस ने दी घेराव की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 31 अक्टूबर। सूरजपुर जिला के जनपद पंचायत रामानुजनगर में निर्माण कार्यों की एजेंसी ग्राम पंचायत रामानुजनगर के स्थान पर ग्राम पंचायत कौशलपुर को बनाए जाने का मामला तूल पकडऩे लगा है। इस फैसले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा और जनपद प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कमीशनखोरी एवं वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई है।

जिला कांग्रेस कमेटी के जिला मीडिया प्रभारी अविनाश साहू ने आरोप लगाया कि जनपद अध्यक्ष गुलाब सिंह पुहुप और जनपद पंचायत के सीईओ की कथित मिलीभगत से नियमों को दरकिनार कर निर्माण कार्यों की एजेंसी बदल दी गई। उन्होंने कहा कि जब निर्माण कार्यों का बजट ग्राम पंचायत रामानुजनगर क्षेत्र के लिए निर्धारित है, तो उसकी एजेंसी ग्राम पंचायत कौशलपुर को क्यों बनाया गया? इस निर्णय के पीछे क्या आधार है और किसके निर्देश पर मूल पंचायत को उसके अधिकारों से वंचित किया गया, यह स्पष्ट होना चाहिए।

साहू ने भाजपा के जीरो टॉलरेंस और सुशासन के दावों पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जनपद अध्यक्ष और सीईओ से निर्माण एजेंसी बदलने संबंधी आदेश की फाइल तथा इसके वैधानिक आधार को सार्वजनिक करने की मांग करते हुए निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी मूल पंचायत को सौंपने की बात कही।

कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि विवादित निर्णय तत्काल निरस्त नहीं किया गया और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जनपद पंचायत कार्यालय का घेराव करेंगे।

 उन्होंने कहा कि पंचायतों के अधिकारों और जनता की राशि से जुड़े इस मामले को लेकर पार्टी आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।


अन्य पोस्ट