सूरजपुर
दुलही तालाब से अतिक्रमण हटाने और सफाई के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,31 अक्टूबर। शहर के सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक स्थलों के बेहतर रखरखाव और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर कलेक्टर रेना जमील एवं वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने शनिवार को नगर पालिका सूरजपुर क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, नगरपालिका उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल, अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिव वन वाटिका पहुंचकर वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। वाटिका को और आकर्षक बनाने के लिए ट्री हाउस, बच्चों के लिए प्ले एरिया विकसित करने तथा स्व-सहायता समूह के माध्यम से कैंटीन संचालन की संभावनाओं पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने वाटिका में नागरिकों और बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया।
इसके बाद कलेक्टर शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय के खेल मैदान परिसर पहुंचीं। यहां खिलाडिय़ों ने खेल गतिविधियों के संचालन में आने वाली समस्याओं से अवगत कराते हुए शौचालय, चेंजिंग रूम और वॉशरूम जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। कलेक्टर ने खिलाडिय़ों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने गढक़लेवा के संचालन की जानकारी लेते हुए इसे बेहतर और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। वहीं कृष्ण कुंज के रखरखाव, साफ-सफाई और संरक्षण को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान दुलही तालाब का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने तालाब परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के सार्वजनिक स्थलों का संरक्षण और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।