सूरजपुर

एमपी की विदेशी और महुआ शराब जब्त, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
30-Oct-2026 9:31 PM
एमपी की विदेशी और महुआ शराब जब्त, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 30 अक्टूबर। अवैध शराब के भंडारण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में संभागीय आबकारी उडऩदस्ता सरगुजा की टीम ने ग्राम गेतरा में दबिश देकर मध्य प्रदेश राज्य की 39 पाव गोवा व्हिस्की और 15 लीटर महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि शराब रखने में संलिप्त बताए जा रहे दूसरे व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी आयुक्त के निर्देश पर 30 अक्टूबर को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संभागीय आबकारी उडऩदस्ता की टीम सूरजपुर जिले में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम गेतरा पहुंचने पर मुखबिर से सूचना मिली कि स्थानीय निवासी सुरेश पोर्ते अपने घर में भारी मात्रा में महुआ शराब बनाकर बिक्री करता है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने तत्काल सुरेश पोर्ते के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके घर से मध्य प्रदेश राज्य की 39 पाव गोवा व्हिस्की और 15 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। टीम ने कुल 22 लीटर विदेशी एवं महुआ शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 36 एवं 59(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को उसी दिन सूरजपुर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी सुरेश पोर्ते ने अपने मेमोरेंडम कथन में 15 लीटर महुआ शराब को अपना होना स्वीकार किया, लेकिन घर से बरामद 39 पाव मध्य प्रदेश की गोवा व्हिस्की को अपना नहीं बताया। उसने दावा किया कि यह शराब उसके पड़ोसी प्रताप पोर्ते ने उसके घर पर रखी थी। आबकारी टीम ने प्रताप पोर्ते की तलाश की, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।

उक्त कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मार्गदर्शन में आबकारी उप निरीक्षक अनिल गुप्ता द्वारा की गई।

कार्रवाई में आबकारी आरक्षक अशोक सोनी एवं श्याम सुंदर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट