सूरजपुर

15 दिन में आवास निर्माण शुरू करें, अन्यथा राशि की वसूली-एसडीएम
30-Oct-2026 7:06 PM
15 दिन में आवास निर्माण शुरू करें, अन्यथा राशि की वसूली-एसडीएम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भैयाथान, 30 अक्टूबर। विकासखंड भैयाथान में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रथम व द्वितीय किस्त प्राप्त करने के बावजूद आवास निर्माण में लापरवाही बरतने वाले हितग्राहियों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

 शुक्रवार को एसडीएम अजय मोडिय़म ने पांच ग्राम पंचायतों के 38 हितग्राहियों को कार्यालय में बुलाकर आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी ली और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।प्रशासन की समीक्षा में अधिनापुर, अनरोखा, बड़सरा, बैजनाथपुर (ल) एवं बैजनाथपुर (ब) के हितग्राही शामिल रहे। इनमें प्रथम किस्त प्राप्त होने के बावजूद आवास निर्माण शुरू नहीं करने वाले 19 हितग्राही तथा द्वितीय किस्त मिलने के बाद भी आवास अधूरे छोडऩे वाले 19 हितग्राही शामिल हैं।

एसडीएम अजय मोडिय़म ने प्रथम किस्त प्राप्त कर चुके हितग्राहियों को आगामी 15 दिनों के भीतर आवास निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं द्वितीय किस्त प्राप्त करने के बाद भी अधूरे पड़े आवासों को जल्द पूर्ण कराने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा में निर्देशों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार संबंधित हितग्राहियों से जारी की गई सरकारी राशि की वसूली की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट