सूरजपुर

बिना पंजीयन पैरामेडिकल संस्थान का संचालन, गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट सील
29-Oct-2026 8:33 PM
बिना पंजीयन पैरामेडिकल संस्थान का संचालन, गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट सील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,29 अक्टूबर। सूरजपुर जिले के तिलसिवां स्थित गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट को बिना पंजीयन संचालित पाए जाने पर सील कर दिया गया है।

 गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में अध्ययनरत डीएमएलटी एवं बीएमएलटी पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा से वंचित किए जाने तथा उनका शैक्षणिक वर्ष प्रभावित होने संबंधी शिकायत जिला प्रशासन को प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि संबंधित संस्थान का छत्तीसगढ़ पैरामेडिकल काउंसिल, रायपुर में पंजीयन नहीं था। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, तहसीलदार  सूर्यकांत साय तथा नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश श्रेष्ठ एवं उनकी टीम की उपस्थिति में गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट को सील करने की कार्रवाई की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि  जिले में संचालित अन्य संबंधित संस्थानों की भी जांच की जाएगी। जांच के दौरान पंजीयन, मान्यता एवं निर्धारित मापदंडों के पालन की स्थिति का परीक्षण किया जाएगा। किसी भी संस्थान में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट